हरिद्वार में बेतरतीब खुदाई से मकान ढहा, सीवर के लिए खोदी गई सड़क में गाड़ियां धंसी, छाता लेकर निरीक्षण को निकले डीएम
हरिद्वार में बारिश ने मचाया हाहाकार, रेलवे स्टेशन के पास मकान ढहा, भूपतवाला में सड़क पर गाड़ियां धंसी

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : July 9, 2026 at 4:39 PM IST
|Updated : July 9, 2026 at 5:10 PM IST
हरिद्वार: बारिश ने हरिद्वार में कई जगह तबाही मचाई है. हरिद्वार रेलवे स्टेशन के निकट निर्माणाधीन मकान ढह गया और उसमें चार लोग फंस गए. गनीमत रही कि मकान में रह रहे लोग चपेट में नहीं आए और उनकी जान बच गई. उधर भूपतवाला में सीवर लाइन बिछाने के बाद बारिश के पानी से सड़क धंस गई.
हरिद्वार में कई वाहन सड़क धंसने से लटके: कई वाहन खड़े खड़े जमीन में धंस गए. यहां भी कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहनों को नुकसान जरूर हुआ है. उधर भारी बारिश के चलते हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी ने कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया और सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को राहत बचाव का कार्य करने के निर्देश दिए.
रेलवे स्टेशन के पास मकान ढहा: हरिद्वार रेलवे स्टेशन के पास पानी के ओवरहेड टैंक के पास की गई खुदाई की गई थी. तेज बारिश के कारण पास स्थित एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया. बताया जा रहा है कि खुदाई से जमीन धंसने के चलते मकानों में दरारें आ गईं और कुछ हिस्से ढह गए, जिससे वहां रहने वाले लोगों की जान खतरे में पड़ गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची.
मकान में फंसे लोगों का रेस्क्यू: टीम ने प्रभावित मकानों में फंसे चार लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया. घटना के बाद क्षेत्र में अफरा तफरी का माहौल रहा और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए. स्थानीय निवासियों ने निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही की जांच कराने और प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है. एफएसओ बीरबल सिंह ने बताया कि-
मकान गिरने की सूचना मिलते टीम मौके पर पहुंची. पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. स्थिति पर नजर रखी जा रही है. लोगों से भी सावधान रहने की अपील की गई है.
-बीरबल सिंह, एसएफओ-
सीवर लाइन कार्य के लिए तोड़ी गई सड़क धंसी, तीन वाहन फंसे: उत्तरी हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र में सूखी नदी से सर्वानंद घाट जाने वाले मार्ग पर बीएमडीएवी स्कूल के सामने गुरुवार सुबह सीवर लाइन के लिए तोड़ी गई सड़क धंस गई. इस दौरान दो दूध के ट्रक और एक फॉर्च्यूनर कार बीच सड़क में फंस गई. धंसी सड़क में तीन वाहन फंसने से सड़क पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई.
जेसीबी से निकालने पड़े वाहन: सूचना मिलने पर संबंधित विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची वाहनों को निकालने और यातायात बहाल करने के प्रयास शुरू किए गए. जेसीबी बुलाकर कड़ी मशक्कत से वाहनों को गड्ढ़ों से बाहर निकाला गया. बता दें कि कुछ दिन पहले इस क्षेत्र में सीवर लाइन डालने के लिए सड़क को खोदा गया गया था. सीवर लाइन तो डाल दी गई, लेकिन सड़क नहीं बनाई गई. जिसके चलते वाहन धंसने की घटनाएं हुई. इसको लेकर लोगों में नाराजगी भी व्यक्त की. वहीं प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की है.
बारिश में ही निरीक्षण पर निकले डीएम: रात से ही हरिद्वार में तेज बारिश होने का सिलसिला जारी है. सुबह जगह जगह हुए जलभराव और नुकसान की सूचना पर डीएम मयूर दीक्षित तेज बारिश में ही निरीक्षण पर निकले. छाता लेकर उन्होंने कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को राहत बचाव के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए. डीएम मयूर दीक्षित ने बताया कि-
देर रात से लगातार हो रही बारिश के कारण कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई है. लक्सर, हरिद्वार, मंगलौर और भगवानपुर समेत पूरे जिले में 150 एमएम से अधिक बारिश दर्ज हुई है. जहां भी जलभराव हुआ है, वहां अधिकारियों की तैनाती की गई है. मनसा देवी और चंडी देवी की पहाड़ियों पर भी अलर्ट जारी किया गया है.
-मयूर दीक्षित, डीएम-
हरिद्वार के स्कूलों में आज थी छुट्टी: गौरतलब है कि भारी बारिश के अनुमान को देखते हुए एक दिन पहले ही सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश जारी किए गए थे. गंगा का जलस्तर भी खतरे के निशान से नीचे है. डीएम मयूर दीक्षित ने आमजन से भी सतर्क रहने की अपील की है.
ये भी पढ़ें: बारिश: उत्तराखंड पर अगले 48 घंटे भारी, मसूरी में 100 साल पुराना पेड़ गिरा, उत्तरकाशी में भी आफत, कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी

