ETV Bharat / state

राजस्थान विश्वविद्यालय में इस बार प्राइवेट स्टूडेंट की परीक्षाएं भी सेमेस्टर पैटर्न से, दिसंबर में होंगे एग्जाम

विश्वविद्यालय छात्रों को अपनी एबीसी आईडी अपडेट रखनी होगी. भविष्य में पूरा छात्र रिकॉर्ड डीजी लॉकर पर उपलब्ध रहेगा.

Rajasthan University
राजस्थान विश्वविद्यालय (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : November 21, 2025 at 7:23 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: राजस्थान विश्वविद्यालय में इस वर्ष से प्राइवेट (स्वयंपाठी) छात्रों की परीक्षाएं भी नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के अनुरूप सेमेस्टर सिस्टम के तहत आयोजित होगी. विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार बीए, बीकॉम, बीएससी के साथ-साथ एमए, एमकॉम और एमएससी के नॉन कॉलेज विद्यार्थियों को भी अब सेमेस्टर आधारित परीक्षा देनी होगी.

राजस्थान विश्वविद्यालय ने पहली बार प्राइवेट (नॉन कॉलेजिएट) विद्यार्थियों को भी सेमेस्टर प्रणाली में शामिल किया है. अब तक वार्षिक परीक्षा प्रणाली से जुड़ा ये बड़ा वर्ग भी नियमित विद्यार्थियों की तरह ही सेशन वाइज मूल्यांकन प्रक्रिया का हिस्सा बनेगा. नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत विश्वविद्यालय ने परीक्षाओं को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और कौशल-आधारित बनाने की दिशा में ये बड़ा कदम उठाया है. एग्जाम इंचार्ज राकेश राव ने बताया कि अब तक नॉन कॉलेज विद्यार्थी केवल वर्ष में एक बार वार्षिक परीक्षा देकर मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी करते थे, लेकिन सेमेस्टर प्रणाली लागू होने के बाद उन्हें साल में दो बार परीक्षा देनी होगी, जिससे प्रदर्शन का निरंतर आकलन हो सकेगा और परिणाम भी समय पर जारी होंगे.

एग्जाम इंचार्ज राकेश राव. (ETV Bharat Jaipurf)

पढ़ें: Revaluation Fees : राजस्थान विश्वविद्यालय में बवाल, छात्रों पर लाठीचार्ज, 8 हिरासत में

परीक्षा आवेदन भरने का काम जारी: राजस्थान विश्वविद्यालय में परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन पत्र भरे जा रहे हैं. यूजी और पीजी दोनों स्तरों के सेमेस्टर-1 के विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन हो रहे हैं. इसे लेकर एग्जाम इंचार्ज राव ने बताया कि यदि विद्यार्थी पहले से राजस्थान विश्वविद्यालय में नामांकित है, तो उसे केवल पूर्व कक्षाओं की अंक तालिकाओं की प्रमाणित प्रतियां आवेदन पत्र के साथ संलग्न कर कॉलेज में जमा करवानी होंगी. जो विद्यार्थी पहली बार प्रवेश ले रहा है, उसे माइग्रेशन सर्टिफिकेट (ओरिजिनल) और पूर्व में उत्तीर्ण कक्षाओं की प्रमाणित मार्कशीट्स जमा करानी होंगी. आवेदन प्रक्रिया में किसी भी तकनीकी सहायता के लिए विश्वविद्यालय के छात्र सूचना केंद्र पर कंप्यूटर के साथ बैठाए गए कर्मचारियों की टीम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा ऑनलाइन हेल्पलाइन भी सुबह से देर शाम तक सक्रिय रहती है. एग्जाम इंचार्ज ने बताया कि अब तक विश्वविद्यालय को सर्वर से जुड़ी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. छात्र 24 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं.

दिसंबर में होंगे सेमेस्टर एग्जाम: एग्जाम इंचार्ज ने बताया कि रेगुलर और नॉन कॉलेजिएट दोनों छात्रों के सेमेस्टर सिस्टम एग्जाम एक साथ दिसंबर में आयोजित किए जाने की योजना है. पूर्व में जो छात्र वार्षिक प्रणाली में पंजीकृत हैं, उनके आवेदन अलग से भरे जाएंगे. उनकी परीक्षाएं फरवरी या मार्च में आयोजित होंगी.

एबीसी आईडी अनिवार्य : ऑनलाइन आवेदन भरते समय विद्यार्थी के लॉग इन करते ही विषय के अनुसार शुल्क स्वतः प्रदर्शित हो जाता है. क्योंकि कॉलेजिएट और रेगुलर विद्यार्थियों के शुल्क में अंतर होता है, इसलिए विद्यार्थी अपने क्लास टाइप की पुष्टि कर शुल्क चेक करें. विश्वविद्यालय ने ये भी सलाह दी है कि सभी विद्यार्थी अपना मोबाइल नंबर और ई-मेल अपडेट करें. अपनी एबीसी (Academic Bank of Credits) आईडी को भी अपडेट रखें. एबीसी आईडी का पासवर्ड सुरक्षित रखें, क्योंकि भविष्य में पूरा छात्र रिकॉर्ड डीजी लॉकर पर उपलब्ध रहेगा.