एक्स स्टूडेंट फिर से भरें फॉर्म, दे सकेंगे पीजी की परीक्षा
जो छात्र किसी कारणवश पीजी के तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा नहीं दे पाए थे, या फेल हुए थे उनके लिए अच्छा मौका है. पढ़ें खबर

Published : January 6, 2026 at 1:31 PM IST
गया : मगध विश्वविद्यालय ने अपने एक्स स्टूडेंट (पुराने छात्र) को फिर से फॉर्म भरने का अवसर दिया है. ताकि वो परीक्षा देकर सफल हो सकें. इसके तहत फॉर्म भरने की अंतिम तिथि भी जारी कर दी गई है. स्नातकोत्तर एमए, एमएससी और एमकॉम के तीसरे सेमेस्टर सत्र 2022 -24 और 2023 -25 के वैसे छात्र-छात्राएं जो किसी कारण परीक्षा में उपस्थित नहीं हो सके थे एवं किसी विषय में अनुत्तीर्ण थे वो अब फॉर्म भर सकते हैं.
9 जनवरी से 19 जनवरी तक भरें फॉर्म : मगध विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग ने सीबीसीएस पाठ्यक्रम के तहत स्नातकोत्तर एमए, एमएससी, एमकॉम सत्र 2024- 26 के तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा को लेकर परीक्षा फॉर्म और फीस जमा करने के लिए तिथि निर्धारित कर दी है.
छात्रों से कहा गया है कि वो ऑनलाइन माध्यम से 9 जनवरी से 19 जनवरी तक परीक्षा फॉर्म और फीस जमा कर सकते हैं. इसमें वह छात्र भी फॉर्म भर सकते हैं जो सत्र 2022-24 और 2023-25 में किसी कारण सेमेस्टर 3 की परीक्षा नहीं दे सके थे.
परीक्षा नहीं देने छात्र कॉलम के साथ भरें फॉर्म : फॉर्म ऑन लाइन भरना होगा, जो तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा नहीं दे सके थे वह छात्र भी ऑनलाइन माध्यम से फार्म जमा कर सकेंगे. एक्स स्टूडेंट के कॉलम में उन्हें जानकारी देनी होगी. विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग की ओर से बताया गया कि सामान्य छात्रों के लिए परीक्षा शुल्क 720 रुपये जबकि एससी, एसटी और ईबीसी के छात्रों के लिए 540 रुपए देय है.
प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा स्थगित : विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग की ओर से बताया गया है कि स्नातकोत्तर एमए एमएसी और एमकॉम के प्रथम सेमेस्टर के सत्र 2025-27 पेपर सीसी 1 एवं पेपर सीसी 2 की परीक्षा स्थगित कर दी गई है. ये परीक्षा पहले से तय शेड्यूल के अनुसार 6 और 7 जनवरी को दो पालियों में आयोजित होने वाली थी.
अब इस दिन होने वाली परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है. अब यह परीक्षा 12 एवं 13 जनवरी को अपने पूर्व निर्धारित समय एवं पाली में आयोजित होगी. छात्रों से कहा गया है कि नई तिथि पर वो अपने सेंटर पर परीक्षा देने पहुंचें.
ये भी पढ़ें:-
मगध यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति पर कसा ED ने शिकंजा, चार्जशीट दायर

