अग्निवीर मामले में PM मोदी को चिट्ठी लिखेंगे CM सुक्खू, पूर्व सैनिकों के साथ बैठक में गूंजा मसला
भूतपूर्व सैनिक कल्याण बोर्ड की बैठक में गूंजा अग्निवीर भर्ती बंद करने का मुद्दा. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कही बड़ी बात.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 26, 2026 at 10:00 AM IST
शिमला: भूतपूर्व सैनिक कल्याण बोर्ड की बैठक मंगलवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई, जिसमें पूर्व सैनिकों ने अग्निवीर भर्ती को बंद करने का मुद्दा जोर-शोर से उठाया. सीएस सुक्खू से मामले को केंद्र सरकार के साथ उठाने की मांग की. इस दौरान कुल्लू के पूर्व सैनिक शिवदयाल सिंह ने कहा कि इस अग्निवीर योजना से युवाओं का भविष्य सुरक्षित नहीं है, क्योंकि चार साल के बाद उन्हें नौकरी से निकाल दिया जाता है. नौकरी के बाद न तो उन्हें पेंशन की सुविधा है और न ही अन्य सुविधाएं मिलती हैं.
अग्निवीर मामले में प्रधानमंत्री को चिट्ठी लिखेंगे CM सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि, "अग्निवीर योजना के मामले पर प्रधानमंत्री को पत्र लिखेंगे और राज्य के पूर्व सैनिकों की भावनाओं को केंद्र सरकार के पास पहुंचाएंगे. अग्निवीर योजना से सबसे ज्यादा नुकसान हिमाचल प्रदेश को हुआ है और कांगड़ा, बिलासपुर, ऊना और हमीरपुर जिलों की अर्थव्यवस्था पर भी इसका असर पड़ा है. हम सेना में नियमित भर्ती के पक्षधर हैं. सेना में भर्ती कोटे को भी कम किया गया है और इससे भी हिमाचल प्रदेश के युवाओं को निराशा हाथ लगी है. चार परमवीर चक्र जीतने वाले हिमाचल प्रदेश और देश के वीर जवानों के साथ अग्निवीर योजना अन्याय है. युवाओं को रोजगार प्रदान करने के लिए राज्य सरकार ने पुलिस में 1300 पदों पर पुलिस कांस्टेबल की भर्ती की है और आने वाले समय में 1000 पद और भरे जाएंगे."
पूर्व सैनिकों से मुख्यमंत्री की अपील
CM सुक्खू ने कहा कि, हिमाचल की आर्थिकी का मुख्य आधार ग्रामीण अर्थव्यवस्था है, क्योंकि हिमाचल की 80 फीसदी से अधिक आबादी गांवों में रहती है. राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का प्रयास कर रही है. इसके लिए सरकार द्वारा प्राकृतिक खेती के उत्पादों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जा रहा है और दूध के दाम में भी ऐतिहासिक बढ़ोतरी की गई है. इसके साथ ही उन्होंने पूर्व सैनिकों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ने और प्राकृतिक खेती को अपनाने की भी अपील की. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए समर्पित भाव से काम कर रही है.
'पूर्व सैनिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता'
इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने कहा कि, "हिमाचल सैनिक बहुल राज्य है और पूर्व सैनिक राज्य की धरोहर है. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए हमेशा चिंतित रहते हैं और कई ऐतिहासिक कदम इस दिशा में उठाए गए हैं. पूर्व सैनिकों को राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ सरल और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना ही सरकार की प्राथमिकता है."
ये भी पढ़ें: हिमाचल बोर्ड के छात्रों को बड़ी राहत, 63 नए परीक्षा केंद्र नोटिफाई, घर के नजदीक एग्जाम सेंटर की मिलेगी सुविधा
ये भी पढ़ें: EXCLUSIVE: OPS बंद नहीं होगी, हमने ऐसा ना सोचा, ना बोला, ना ऐसा करने की जरूरत: जयराम ठाकुर

