अंकिता हत्याकांड को लेकर कांग्रेस का पैदल मार्च, महेंद्र भट्ट पर बरसे हरीश, पूछा- क्या सरकार लाचार है?
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर हरिद्वार में सड़कों पर उतरे कांग्रेसी, पैदल मार्च निकालकर सरकार को घेरा, हरीश रावत ने महेंद्र भट्ट पर साधा निशाना

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : January 4, 2026 at 8:01 PM IST
हरिद्वार: अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी प्रकरण को लेकर कांग्रेस लगातार हमलावर है. हरिद्वार में मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर कांग्रेस ने बड़ा पैदल मार्च निकाला. इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व सीएम हरीश रावत समेत तमाम कांग्रेसी शामिल हुए.
पूर्व सीएम हरीश रावत ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के कोर्ट की शरण लेकर सीबीआई जांच की मांग करने वाले बयान पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि क्या महेंद्र भट्ट सरकार को इतना लाचार बता रहे हैं कि सरकार एक नारी के सम्मान के लिए कुछ नहीं कर सकती? अगर सरकार ऐसा कहती है तो हम जरूर विचार करेंगे.
हरिद्वार में कांग्रेसियों ने निकाला पैदल मार्च: हरिद्वार के शिव मूर्ति चौक से हरकी पैड़ी तक निकाली गई पैदल यात्रा में काफी संख्या में कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए हाईकोर्ट के जज की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग की.
महेंद्र भट्ट को घेरा: इस दौरान हरीश रावत ने कहा कि सीबीआई जांच की सिफारिश सरकार करेगी. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट कह रहे हैं कि सरकार लाचार है. यदि सरकार यह कह दें कि वो लाचार हैं और एक बेटी के सम्मान के लिए कुछ नहीं कर सकते हैं तो फिर देखा जाएगा कि क्या रास्ता निकलता है.
✊ सच के साथ खड़ा है उत्तराखंड — #Ankita को न्याय चाहिए!#AnkitaBhandari हत्याकांड की #CBI जाँच, माननीय हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज महोदय की देख-रेख में कराए जाने की माँग को लेकर विधानसभा हरिद्वार में “अंकिता भंडारी को न्याय दो” के तहत आयोजित #पदयात्रा में प्रतिभाग… pic.twitter.com/nA7ZS7dLmo
— Harish Rawat (@harishrawatcmuk) January 4, 2026
वीआईपी कौन है? लोग सवाल कर रहे हैं कि अंकिता भंडारी प्रकरण में वीआईपी कौन है? देहरादून से लेकर दिल्ली तक इसी सवाल की चर्चा है. हरीश रावत ने आरोप लगाया कि अंकिता ने जिस वीआईपी को 'विशेष सर्विस' देने की बात कही थी, अब वही नाम फिर से सामने आया है.
हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में हो जांच: हरीश रावत ने फिर से अपनी मांग को दोहराते हुए कहा कि लोग चाह रहे हैं कि इस प्रकरण में एफआईआर दर्ज हो और इसकी हाईकोर्ट या फिर सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में जांच की जाए. अपराधियों पर कानून का शिकंजा कसा जाए.

उर्मिला सनावर के वीडियो के बाद मचा बवाल: बता दें कि बीजेपी से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उनकी कथित पत्नी उर्मिला सनावर के बीच बातचीत का ऑडियो सामने के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल मची हुई है. इसे लेकर कांग्रेस भी सरकार पर लगातार हमलावर है.
पूर्व सीएम हरीश रावत से लेकर कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत हरिद्वार में पैदल मार्च निकाल चुके हैं. हरीश रावत ने तो कुछ दिन पहले डीएम कैंप कार्यालय पर धरना भी दिया था और आज फिर से उनके नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हरिद्वार में पैदल मार्च निकाला है.
देहरादून में उमड़ा जन सैलाब: इधर, देहरादून में अंकिता भंडारी केस की सीबीआई जांच की मांग को लेकर तमाम संगठन और राजनीतिक दलों ने सीएम आवास कूच किया. जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए. सभी ने एक सुर में अंकिता भंडारी प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग और कथित वीआईपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई.
ये भी पढ़ें-

