राहुल गांधी पर FIR से गरमाई सियासत, गहलोत-जूली बोले- यह भाजपा के घमंड और तानाशाही की पराकाष्ठा
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के लिए न झुकेगी, न चुप रहेगी. अन्याय का विरोध करेगी.

Published : August 31, 2026 at 2:53 PM IST
जयपुर: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज होने पर सियासत गरमा गई है. कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ हल्ला बोल दिया है. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अपमान को लेकर राहुल गांधी ने आवाज उठाई तो उन पर ही FIR दर्ज कर ली गई.
गहलोत ने 'एक्स' पर लिखा कि खड़गे के साथ हुई छुआछूत के खिलाफ आवाज बुलंद करने पर राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज करना भाजपा के घमंड और तानाशाही की पराकाष्ठा है. यह दिखाता है कि भाजपा चाहती है कि दलितों के साथ छुआछूत और भेदभाव चलता रहे और जो आवाज उठाए उसे प्रताड़ित किया जाए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा छुआछूत का विरोध किया है. संविधान में अस्पृश्यता निवारण हो या एससी-एसटी अत्याचार निवारण कानून, सब कांग्रेस की देन हैं. भाजपा ने दलित हित में ऐसा कोई कदम क्यों नहीं उठाया? आरएसएस ने छुआछूत खत्म करने का अभियान क्यों नहीं चलाया? इससे स्पष्ट है कि भाजपा भेदभाव को न सिर्फ नजरअंदाज करती है, बल्कि संरक्षण भी देती है. पीड़ित को ही आरोपी बनाने वाली सरकार संविधान और अंबेडकर के सिद्धांतों की अवहेलना कर रही है. खड़गे, राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस दलितों के साथ मजबूती से खड़ी है.
कांग्रेस अध्यक्ष श्री @kharge जी के साथ हुई छुआछूत के खिलाफ मुखरता से आवाज बुलंद करने पर श्री @RahulGandhi के ही खिलाफ एफआईआर दर्ज करना भाजपा के घमंड और तानाशाही की पराकाष्ठा है। यह दिखाता है कि भाजपा चाहती है कि दलितों के साथ छुआछूत और भेदभाव चलता रहे और जो उसके खिलाफ आवाज उठाए…
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) August 31, 2026
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि हल्द्वानी में खड़गे की सभा के बाद भाजपा नेताओं द्वारा सभास्थल का 'शुद्धीकरण' कर सामाजिक समानता और मानवीय गरिमा पर प्रहार किया गया. जब राहुल गांधी ने अपमान के खिलाफ आवाज उठाई तो उन्हीं पर FIR दर्ज कर दी गई. अपमान की शिकायत को अनसुना करना और न्याय मांगने वालों पर मुकदमे दर्ज करना सत्ता के अहंकार और दमनकारी मानसिकता का परिचायक है. जूली ने कहा कि भाजपा-आरएसएस चाहते हैं कि दलितों के साथ भेदभाव होता रहे और बोलने वाले को प्रताड़ित किया जाए. गरीबों, दलितों, आदिवासियों का सम्मान मेहरबानी नहीं, संवैधानिक अधिकार है. इस पर समझौता स्वीकार नहीं. भाजपा गलतफहमी छोड़ दे कि FIR से सवाल दब जाएंगे. कांग्रेस सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के लिए न झुकेगी, न चुप रहेगी और हर अन्याय का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी.
हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष आदरणीय श्री @kharge जी की सभा के बाद सभास्थल का भाजपा नेताओं द्वारा “शुद्धीकरण” कर सामाजिक समानता और मानवीय गरिमा पर गंभीर प्रहार किया गया। और जब नेता प्रतिपक्ष श्री @RahulGandhi जी ने इस अपमान के खिलाफ आवाज़ उठाई, तो उल्टा उन्हीं पर एफआईआर दर्ज…
— Tika Ram Jully (@TikaRamJullyINC) August 31, 2026

