बीजेपी के पूर्व विधायक और दिग्गज नेता का निधन, राम जन्म भूमि आंदोलन और योग से रहा गहरा जुड़ाव
भाजपा के वरिष्ठ नेता का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया. सीएम सुक्खू, पूर्व सीएम धूमल और अनुराग ठाकुर ने जताया गहरा शोक.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 30, 2026 at 6:28 PM IST
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश की राजनीति से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है। हमीरपुर जिले के बड़सर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राम रतन शर्मा का रविवार सुबह निधन हो गया. 91 वर्षीय राम रतन शर्मा पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे. आज सुबह उन्होंने मैहरे स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली. राम रतन शर्मा के निधन पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा दुःख व्यक्त किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि राम रत्न जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है.
वहीं, बड़सर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ समाजसेवी राम रत्न शर्मा की अंतिम यात्रा में स्थानीय विधायक इंद्रदत्त लखनपाल शामिल हुए. उन्होंने दिवंगत नेता की अर्थी को कंधा दिया और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. राम रत्न शर्मा के जनसेवा, श्रीराम मंदिर आंदोलन और योग के क्षेत्र में योगदान को भी याद किया जा रहा है. सामाजिक जीवन में सक्रिय रहते हुए उन्होंने लोगों को योग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उनके समर्थकों के अनुसार, उनका जीवन समाज और जनहित के प्रति समर्पित रहा.
प्रेम कुमार धूमल ने जताया दुख
राम रत्न शर्मा के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, सांसद अनुराग सिंह ठाकुर और बड़सर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने गहरा दुःख व्यक्त किया. पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि राम रतन शर्मा का सार्वजनिक जीवन समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण की मिसाल रहा. अपने राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में सदैव जनहित को प्राथमिकता दी. उनके निधन से सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में एक अनुभवी एवं समर्पित व्यक्तित्व का अभाव उत्पन्न हुआ है. राम रतन शर्मा के साथ बिताया समय और उनके जनसेवा के कार्य हमेशा स्मरण में रहेंगे.

अनुराग ठाकुर ने जताया शोक
सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने राम रतन शर्मा के निधन को क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति बताया. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में राम रतन शर्मा ने लोगों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए. नादौनता विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक के रूप में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा. राम रतन शर्मा केवल राजनीतिक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहे, बल्कि सामाजिक जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे. पतंजलि से जुड़े रहते हुए उन्होंने योग के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया.
राम जन्म भूमि आंदोलन से जुड़े रहे राम रतन शर्मा
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से लंबे समय तक जुड़े रहे राम रतन शर्मा जनसंघ और भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं में गिने जाते थे. वो पतंजलि के साथ भी जुड़े रहे. दिवंगत राम रतन शर्मा का जन्म वर्ष 1935 में हुआ था. उन्होंने वर्ष 1982 में तत्कालीन नादौनता (वर्तमान में बड़सर) विधानसभा क्षेत्र से पहली बार जीत दर्ज कर विधानसभा में कदम रखा. इसके बाद वर्ष 1990 में उन्होंने दूसरी बार जीत हासिल की और वर्ष 1990 से 1993 तक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया. राम जन्म भूमि आंदोलन से उनका लंबा जुड़ाव रहा है.


