ETV Bharat Impact: सूरजपुर डीएवी स्कूल विवाद, सरकार ने बनाई जांच समिति, बच्चों से श्रमदान कराने का मामला
सूरजपुर में स्कूल के दौरान बच्चों से काम कराए जाने के मामले में ईटीवी भारत की खबर का बड़ा असर हुआ है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : March 3, 2026 at 11:16 AM IST
सूरजपुर: डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, तिलसिवा में स्कूली बच्चों से श्रमदान कराए जाने के मामले में छत्तीसगढ़ सरकार ने गंभीर रुख अपनाते हुए जांच के आदेश जारी कर दिए हैं. ईटीवी भारत ने इस खबर को प्रमुखता से दिखाया था, जिसके बाद शासन स्तर पर त्वरित संज्ञान लिया गया.
सरकार ने बनाई 3 सदस्यीय जांच समिति
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर इस संबंध में जानकारी साझा की गई है. ट्वीट में कहा गया है "सूरजपुर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल, तिलसिवा में स्कूली बच्चों से श्रमदान कराए जाने का मामला अत्यंत गंभीर एवं संवेदनशील है. निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है. प्रतिवेदन प्राप्त होते ही दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी."
सूरजपुर स्थित डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, तिलसिवा में स्कूली बच्चों से श्रमदान कराए जाने का मामला अत्यंत गंभीर एवं संवेदनशील है।
— CMO Chhattisgarh (@ChhattisgarhCMO) March 2, 2026
निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच के लिए तीन सदस्यीय जाँच समिति गठित की गई है। प्रतिवेदन प्राप्त होते ही दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जांच रिपोर्ट के बाद दोषियों पर कार्रवाई
सरकार ने स्पष्ट किया है कि जांच प्रतिवेदन मिलते ही दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्राचार्य पर की कार्रवाई की मांग
इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से प्रिंसिपल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
बच्चों से कराया जा रहा था रंगाई पोताई का काम
स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर अभिभावकों और आम लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. लोगों का कहना है कि शिक्षा संस्थानों में बच्चों से किसी भी प्रकार का श्रम कार्य कराना नियमों के विरुद्ध है. इस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. अब सभी की नजरें जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं. देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई की जाती है.

