लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल में टिकट से एंट्री; चारों मुख्य द्वार से मिलेगा प्रवेश, जानिए कितने का है टिकट?
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त प्रवेश दिया जाएगा.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 2, 2026 at 8:46 PM IST
लखनऊ : हरदोई रोड स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल में आधिकारिक टिकटिंग व्यवस्था शुरू हो गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के मौके पर राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया था. इस प्रेरणा स्थल को पहले कुछ दिनों के लिये मुफ्त खोला गया था, लेकिन अब संचालन समिति के निर्णय के अनुसार प्रवेश शुल्क लागू कर दिया गया है.
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि टिकटिंग व्यवस्था के अनुसार, राष्ट्र प्रेरणा स्थल के सामान्य प्रवेश (पार्क क्षेत्र) का शुल्क 15 रुपये रखा गया है, जबकि म्यूजियम का अलग से प्रवेश शुल्क 50 रुपये निर्धारित किया गया है. विशेष रूप से 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों और 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को दोनों क्षेत्रों में मुफ्त प्रवेश दिया जाएगा. यह निर्णय परिवारों, छात्रों और बुजुर्गों को ध्यान में रखकर लिया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इन प्रेरणादायी प्रतिमाओं और संग्रहालय का लाभ उठा सकें.

एलडीए के उपाध्यक्ष ने बताया कि नए साल के पहले दिन यानी 1 जनवरी 2026 को ही हजारों लोग पहुंचे थे, जहां रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक और स्थानीय निवासी महापुरुषों को नमन करने आए. टिकटिंग शुरू होने से अब व्यवस्थित तरीके से भ्रमण संभव हो सका. चार मुख्य द्वारों से आम लोगों को प्रवेश मिलेगा, जबकि पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था भी की गई है.
उन्होंने बताया कि यह स्थल न केवल ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व का केंद्र बनेगा, बल्कि युवा पीढ़ी को राष्ट्रवाद, अच्छे शासन और निस्वार्थ सेवा की प्रेरणा भी देगा. पर्यटकों के लिए गोमती नदी तट पर स्थित यह स्थान लखनऊ की नई पहचान बन चुका है.

230 करोड़ रुपये की लागत से किया गया तैयार : यह स्थल 65 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है और लगभग 230 करोड़ रुपये की लागत से लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने बसंतकुंज योजना के तहत तैयार किया गया है. यहां तीन महान विभूतियों पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी की 65 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमाएं स्थापित हैं, जिनका वजन प्रत्येक 42 टन है.

ये प्रतिमाएं रात में विशेष प्रकाश व्यवस्था के साथ दर्शकों को आकर्षित करती हैं. राष्ट्र प्रेरणा स्थल का मुख्य आकर्षण इसका अत्याधुनिक म्यूजियम है, जो 98 हजार वर्ग फीट में फैला दो मंजिला संग्रहालय है. इसमें पांच गैलरियां और 12 व्याख्या दीवारें हैं, जहां इन महापुरुषों के जीवन, विचारधारा, भाषण, कविताएं और राष्ट्र निर्माण में योगदान को एलईडी स्क्रीन, ऑडियो-विजुअल और इंटरएक्टिव प्रदर्शनियों के माध्यम से दर्शाया गया है. जनसंघ के इतिहास से लेकर इन नेताओं के संघर्ष और उपलब्धियों तक की पूरी यात्रा यहां जीवंत हो उठती है.
यह भी पढ़ें : नये साल पर लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क पहुंचे 41 हजार से अधिक लोग, राष्ट्र प्रेरणा स्थल में खूब ली सेल्फी, जानिए कहां कितनी रही भीड़

