ETV Bharat / state

झारखंड में नगर निकाय चुनावः तिलक से मतदाता का स्वागत तो कहीं सेल्फी प्वाइंट, तो कहीं वोटर रहे परेशान

झारखंड में शहर की सरकार बनाने के लिए लोग मतदान प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं.

Enthusiasm prevails among voters for municipal elections in Jharkhand
झारखंड में नगर निकाय चुनाव (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : February 23, 2026 at 2:50 PM IST

11 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची/देवघर/हजारीबाग/गोड्डा/कोडरमाः झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदान की प्रक्रिया जारी है. लोग भारी संख्या में घरों से निकलकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. दूसरी ओर प्रशासन की ओर से भी आम वोटर्स का खुले दिल से स्वागत किया जा रहा है. इसके अलावा कई जिलों में मॉडल बूथ और सेल्फी प्वाइंट बनाकर उनको आकर्षित किया जा रहा है. वहीं दूसरी ओर राजधानी रांची में कई मतदाताओं के बूथ की अदला-बदली होने से वो परेशान नजर आए.

झारखंड के 48 शहरी निकायों के लिए चुनाव संपन्न कराए जा रहे हैं. कोडरमा में भी सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिली. लोग कतारबद्ध होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करते नजर आए. कोडरमा जिला प्रशासन की ओर से मतदाताओं को जागरूक और प्रोत्साहित करने के लिए कई मॉडल बूथ बनाए गए हैं.

ईटीवी भारत की ग्राउंड रिपोर्टः कोडरमा में मॉडल बूथ बना आकर्षण का केंद्र (Etv Bharat)

जिला में परियोजना बालिका उच्च विद्यालय स्थित बूथ संख्या 151 और 152 को मॉडल बूथ बनाया गया है. यहां मतदाताओं के लिए शेड, पेयजल, शौचालय और सेल्फी प्वाइंट की विशेष व्यवस्था की गई है. इसके साथ ही मतदान करने पहुंचे मतदाताओं का तिलक लगाकर स्वागत किया जा रहा है, जिससे उनमें उत्साह और बढ़ रहा है. कुल मिलाकर कोडरमा में मतदान को लेकर सकारात्मक और जोशपूर्ण माहौल देखने को मिल रहा है. बता दें कि कोडरमा में अध्यक्ष के 3 पद के लिए 36 उम्मीदवार जबकि 54 पार्षद उम्मीदवार के लिए 238 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. जहां 1 लाख 13 हजार मतदाता उनकी किस्मत का फैसला बैलेट बॉक्स में बंद कर देंगे.

Enthusiasm prevails among voters for municipal elections in Jharkhand
कोडरमा के मतदान केंद्र पर सेल्फी प्वाइंट (ETV Bharat)

देवघर में बुजुर्ग मतदाताओं में उत्साह

बाबा नगरी देवघर में भी लोगों में मतदान को लेकर काफी उत्साह नजर आया. देवघर नगर निगम क्षेत्र में रह रहे बुजुर्ग, युवा, महिला सभी वर्ग के लोग घरों से निकलकर वोट कर रहे हैं. 77 वर्ष के बुजुर्ग मंगल धारा ने कहा कि मतदान ही आम जनता की सबसे बड़ी आवाज होती है. इस दिन ही जनता घर से निकलकर मतदान के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद नहीं करेंगे तो फिर आने वाले समय में जनता की आवाज सुनने वाला कोई सही व्यक्ति नहीं होगा.

देवघर में बुजुर्ग मतदाताओं में वोटिंग को लेकर उत्साह (Etv Bharat)

मतदान केंद्र पर मतदान करने पहुंचे योगेंद्र झा और उनकी पत्नी ने कहा कि बुजुर्गों के लिए सुबह का समय बेहतर नहीं होता है. क्योंकि अभी भी बसंत ऋतु की हल्की-हल्की ठंड महसूस होती है. लेकिन धूप निकलते ही वह दोनों अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्र पर पहुंचे हैं. 78 वर्ष योगेंद्र झा ने युवाओं से अपील किया कि जब वह बुजुर्ग होकर समय पर मतदान करने पहुंच सकते हैं तो फिर युवा अपने मताधिकार का प्रयोग करने में देरी क्यों करते हैं. युवा भी अपने घरों से निकलकर सबसे पहले मतदान करें, उसके बाद ही किसी काम पर जाएं.

Enthusiasm prevails among voters for municipal elections in Jharkhand
बुजुर्ग मतदाताओं में उत्साह (ETV Bharat)

वहीं 79 वर्षीय राम सिंह बताते हैं उन्होंने भी अपने जीवन काल में कई बार मतदान किया है लेकिन जब मतदान का वक्त आता है तो उनमें एक अलग सा उत्सुकता होती है. वह अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर से जरूर करते हैं. मतदाता पूनम झा बताती हैं कि वह एक घरेलू महिला है लेकिन वह अपने घर के सारे काम को छोड़कर पहले वोट करने पहुंची हैं. उन्होंने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि आज पहले घर से निकल कर वोट करें उसके बाद घरेलू कामों को निपटाएं. क्योंकि आज नागरिकों द्वारा किए गए वोट से आने वाले समय में उन्हें ही सवाल पूछने का ताकत मिल पाएगा. लेकिन जो वोट ही नहीं करेंगे वह किस अधिकार से अपने प्रतिनिधि से आने वाले वक्त में सवाल पूछ पाएंगे.

वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सभी मतदान बूथों पर विशेष निगरानी रखी गई है. जिला के एसपी सौरव कुमार और उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा खुद अपने पदाधिकारी के माध्यम से संवेदनशील बूथों की निगरानी कर रहे हैं. जिला प्रशासन की तरफ से यह स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि किसी भी वैसे व्यक्ति को मतदान केंद्र पर ना प्रवेश करने दें जो कहीं ना कहीं संदेह के घेरे में हो. ऐसे संवेदनशील लोगों को तुरंत हिरासत में लेकर उन पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.

गोड्डा और महगामा में बंपर वोटिंग

गोड्डा और महगामा नगर निकाय चुनाव मे बंपर वोटिंग हो रही है. लोग बड़ी संख्या में घरों से निकल कर मतदान करने के लिए पहुंच रहे हैं. गोड्डा नगर परिषद के मतदान केंद्रों पर लंबी कतार देखी गयी. मतदाताओं में अपने नगर को विकसित बनाने को लेकर खासा उत्साह है और वे अपने नगर को स्वच्छ बनाना चाहते है इसी सोच के साथ मतदान कर रहे हैं.

मतदाताओं ने बताया कि वे नगर में शांति, कानून व्यवस्था, स्वच्छता को प्राथमिकता के आधार पर वोट दे रहे हैं. गोड्डा में कुल 37 बूथों पर चाक चौबंद सुरक्षा में बीच मतदान जारी है. वहीं महगामा के 27 पोलिंग बूथ पर वोटिंग जारी है.

गोड्डा में मतदाताओं में उत्साह (ETV Bharat)

गोड्डा जिला में गोड्डा नगर परिषद व महगामा नगर पंचायत के अध्यक्ष के लिए वोटिंग की जा रही है, साथ ही वार्ड पार्षद के लिए चुनाव हो रहे हैं. गोड्डा नगर परिषद मे 34 हजार 196 और महगामा नगर पंचायत मे 19 हजार 655 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. गोड्डा में अध्यक्ष पद के लिए 11, महगामा नगर पंचायत में 12 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं.

हजारीबाग में सांसद ने किया मतदान

हजारीबाग नगर निगम चुनाव को लेकर लोगों में उत्साह है. मतदाता शहर की सरकार बनाने को लेकर सुबह से बूथ पर पहुंच रहे हैं. लोगों का गजब का उत्साह चुनाव में देखने को मिल रहा है. मतदाता नगर निगम क्षेत्र के विकास के नाम पर मतदान कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि नगर निगम क्षेत्र में कई समस्या है. समस्याओं का समाधान करने के लिए उम्मीदवारों ने वादा किया है. जो उम्मीदवार बेहतर है उनके पक्ष में मतदान करना है.

हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने अपने मत का उपयोग करते हुए मतदान किया. मनीष जायसवाल मतदाताओं के साथ कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते हुए मतदान किया. मतदान करने के बाद उन्होंने लोगों से अपील किया कि मतदान प्रक्रिया में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें और स्वस्थ लोकतंत्र की नई रखें. शहर की सरकार बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करें.

हजारीबाग में निकाय चुनाव को लेकर वोटिंग (ETV Bharat)

सांसद ने दुख जाहिर करते हुए कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग की उदासीनता के कारण उनके परिवार का बंटवारा हो गया है. पूरे परिवार को वार्ड 28 में रखा गया है उन्हें वार्ड 27 में जाकर वोट करना पड़ा है. वैलेट पेपर से हो रहे मतदान पर कहा कि दुनिया चांद पर जा रही है ,राज्य सरकार अभी भी बैलट पेपर से मतदान कर कर लोगों को विकास से दूर रख रही है.

Enthusiasm prevails among voters for municipal elections in Jharkhand
सांसद ने किया मतदान (ETV Bharat)

हजारीबाग नगर निगम क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. डीआईजी अंजनी कुमार झा, उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह और एसपी अंजनी अंजन समेत अन्य वरीय अधिकारी विभिन्न मतदान केंद्रों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं. सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए प्रत्येक बूथ में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी जिला नियंत्रण कक्ष से की जा रही है. अधिकारियों ने कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. डीआईजी अंजनी कुमार झा ने कहा कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है. उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है.

इस चुनाव में कुल 1 लाख 77 हजार 437 मतदाता मतदान करेंगे. जिसमें पुरुष मतदाता 90 हजार 42 महिला मतदाता 87 सतासी हजार 394 वह तृतीय लिंग की संख्या एक है. कुल 160 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. जिसमें दो सहायक मतदान केंद्र है. कुल भवन की संख्या 77 है जहां मतदान केंद्र अवस्थित रहेंगे. अत्यंत पिछड़ा वर्ग 1 के लिए आरक्षित की गई है महापौर पद के लिए 8 प्रत्याशी मैदान में हैं. जिससे मुकाबला दिलचस्प है. वहीं 36 वार्डों में से वार्ड नंबर 13 और 36 में प्रत्याशी निर्विरोध चुन लिए गए हैं. शेष 34 वार्डों में पार्षद पद के लिए मतदान होगा.

नगर निगम चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार सुदेश कुमार, कांग्रेस समर्थित तस्लीम अंसारी, झामुमो समर्थित विकास राणा और पत्रकार अरविंद राणा के बीच मुकाबला है. इन क्षेत्रों में सफाई, पेयजल, भ्रष्टाचार मुक्त शासन और बेहतर बुनियादी ढांचा प्रमुख चुनावी मुद्दे हैं. प्रशासन ने भयमुक्त और निष्पक्ष मतदान करने की अपील मतदाताओं से किया है.

रांची में पति-पत्नी चुनेंगे अलग-अलग पार्षद, सामने आईं कई परेशानियां!

रांची नगर निगम चुनाव के दौरान जहां प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान का दावा किया. वहीं कई मतदान केंद्रों पर व्यवस्थागत खामियां खुलकर सामने आईं. वोटर लिस्ट में नाम दर्ज होने के बावजूद कई मतदाता मतदान से वंचित रह गए. जबकि कुछ मामलों में एक ही पते पर रहने वाले पति-पत्नी को अलग-अलग वार्ड और बूथ आवंटित कर दिए गए. इससे मतदाताओं में भारी नाराजगी देखी गई.

रांची में मतदाता हुए परेशान, बता रहे ये कारण (ETV Bharat)

शहर के विभिन्न वार्डों से शिकायतें मिलीं कि मोबाइल ऐप और ऑनलाइन पोर्टल पर नाम दिखने के बावजूद बूथ पर मौजूद मैनुअल सूची में नाम नहीं मिला. डिजिटल और मैनुअल सूची के बीच अंतर ने मतदाताओं को असमंजस में डाल दिया. कई लोगों को एक काउंटर से दूसरे काउंटर तक भेजा गया लेकिन समाधान नहीं मिला. अंततः कई मतदाता बिना मतदान किए ही घर लौट गए.

Enthusiasm prevails among voters for municipal elections in Jharkhand
बूथ बदलने से रांची में परेशान रहे मतदाता (ETV Bharat)

सबसे चौंकाने वाला मामला उन परिवारों का रहा, जहां एक ही पते पर रहने वाले पति-पत्नी के बूथ अलग-अलग वार्डों में निर्धारित कर दिए गए. कई जगह पत्नी का नाम एक वार्ड की सूची में और पति का नाम दूसरे वार्ड की सूची में दर्ज पाया गया. इतना ही नहीं, दोनों के पार्षद प्रत्याशी भी अलग-अलग हो गए. मतदाताओं का कहना था कि जब पता एक है, परिवार एक है, तो बूथ और वार्ड अलग कैसे हो सकते हैं? इस गड़बड़ी के कारण कई दंपतियों को अलग-अलग इलाकों में जाकर मतदान करना पड़ा, जबकि कुछ मामलों में समयाभाव और भ्रम के चलते मतदान ही नहीं हो सका.

Enthusiasm prevails among voters for municipal elections in Jharkhand
मतदान केंद्र के बाहर जमीन पर बैठे प्रत्याशियों के समर्थक (ETV Bharat)

कई मतदान केंद्रों के बाहर प्रत्याशियों के समर्थक दरी बिछाकर पर्ची काटते नजर आए. मतदाताओं का कहना था कि आधिकारिक व्यवस्था स्पष्ट और सुव्यवस्थित होनी चाहिए थी, ताकि उन्हें निजी टेबल पर निर्भर न रहना पड़े. बुजुर्ग और महिला मतदाताओं को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ा. मतदान नहीं कर पाने वाले लोगों में आक्रोश साफ झलक रहा था. उनका कहना था कि मतदान का यह पर्व है लेकिन व्यवस्थागत खामियों ने उनके अधिकार का प्रयोग करने से रोक दिया. हालांकि प्रशासन का दावा है कि अधिकांश केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और शिकायतों का निराकरण किया जा रहा है.

इसे भी पढ़ें- शहर की सरकार बनाने के लिए उत्साहित दिख रहे मतदाता, दिव्यांग मतदाताओं ने भी उत्साह के साथ किया वोट

इसे भी पढ़ें- धनबाद नगर निगम और चिरकुंडा नगर परिषद में मतदान, मेयर प्रत्याशी संजीव सिंह ने किया वोट

इसे भी पढ़ें- धनबाद में मतदान के दौरान कई बूथों पर मारपीट, वोटिंग सेंटर पर ही भिड़ गये प्रत्याशी के समर्थक