गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला पटना! कुख्यात अमन शुक्ला की हत्या, पत्नी-बच्चे के सामने गोलियों से भूना
पटना में एक कुख्यात की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई. जानिए इंग्लिश टीचर से बैंक लुटेरा कैसे बना अमन शुक्ला?. पढ़ें

Published : January 6, 2026 at 9:41 AM IST
पटना: राजधानी पटना में पीएमबी बैंक लूट कांड के मास्टरमाइंड अमन शुक्ला की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पत्रकार नगर थाना के मलाही पकड़ी चौक के पास बाइक सवार अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया. बदमाशों ने अमन शुक्ला (38 वर्ष) की पत्नी और बच्चे के सामने घटना को अंजाम दिया. मृतक अमन शुक्ला पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.
पत्नी-बच्चे के सामने गोलियों से भूना : अमन शुक्ला अपनी पत्नी और आठ वर्षीय बेटे के साथ बाइक पर बच्चे की थेरेपी से लौट रहा था. विद्यापुरी पार्क के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने उसे घेरकर करीब से कई गोलियां मारी. गोलियां सिर, छाती और पेट में लगी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. पत्नी और बच्चे के सामने हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई.
इंग्लिश टीचर से 'बैंक लुटेरा' : जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि अमन शुक्ला कोई साधारण शिक्षक नहीं था. वह पटना के कई कोचिंग संस्थानों में अंग्रेजी पढ़ाता था, लेकिन पुलिस रिकॉर्ड में वह 2020 में अनीसाबाद पीएनबी बैंक से 52 लाख रुपये की डकैती का मास्टरमाइंड था.

2020 की बड़ी बैंक डकैती का मास्टरमाइंड: 2020 में हुई पीएनबी डकैती में अमन शुक्ला और उसके साथी हरिनारायण ने बिना आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों को गिरोह में शामिल किया था. पुलिस ने अमन, हरिनारायण, प्रफुल्ल आनंदपुरी, सोनेलाल और गणेश बुद्धा को गिरफ्तार किया. इनके पास से 33 लाख रुपये नकद, ज्वेलरी, शराब, हथियार और मोटरसाइकिलें बरामद हुईं. 60 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस अमन तक पहुंची थी.

सोशल मीडिया से दूर था शातिर अपराधी : अमन अपराध की दुनिया में बेहद चालाक था. वह मोबाइल फोन या सोशल मीडिया का इस्तेमाल नहीं करता था. डकैती में भी डिजिटल माध्यमों से बचता था. पुलिस को शक है कि वह मुजफ्फरपुर और वैशाली के कई लूटकांडों में भी शामिल था. मई 2025 में जेल से रिहा होने के बाद वह फिर शिक्षक बनकर सामान्य जीवन जी रहा था.
गैंगवार या पुरानी रंजिश? : पुलिस हत्या को गैंगवार या पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है. लूट की रकम बंटवारे या आपसी विवाद की संभावना जताई जा रही है. अपराधियों ने पहले रेकी की और परिवार के सामने हमला किया. सिटी एसपी ईस्ट परिचय कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और सूचनाओं के आधार पर छापेमारी जारी है. शूटर्स की तस्वीर और बाइक नंबर कैद हुआ है. चार टीमें गठित की गई हैं. जल्द खुलासे का दावा किया गया है.

"पुलिस सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और मानवीय सूचना तंत्र के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किए जाने का दावा पुलिस द्वारा किया जा रहा है." - परिचय कुमार, पूर्वी एसपी पटना
ये भी पढ़ें-
पटना में शिक्षक की हत्या, अपराधियों ने सीने में 3 से 4 गोली मारी
बिहार में ट्यूशन पढ़ाकर लौट रहे शिक्षक की हत्या, बदमाशों ने घर के पास गोलियों से भूना

