ETV Bharat / state

रात भर पढ़ाई, सुबह मौत! दोस्त के कमरे में सोये इंजीनियरिंग छात्र की संदिग्ध मौत

शिवहर इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है. GATE पास करने के बाद रात भर की पढ़ाई, सुबह मौत. पढ़ें

Sheohar Engineering student died
शिवहर इंजीनियरिंग छात्र की मौत (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 26, 2026 at 8:53 AM IST

|

Updated : February 26, 2026 at 9:02 AM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

शिवहर: बिहार के शिवहर जिले में एक इंजीनियरिंग छात्र की संदिग्ध मौत ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है. मृतक की पहचान आदित्य कुमार मिश्रा (23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दरभंगा जिले के बलभद्रपुर, लहेरियासराय का निवासी था. आदित्य शिवहर के छतौना विशनपुर स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में कंप्यूटर साइंस ब्रांच के 7वें सेमेस्टर का छात्र था. यह घटना बुधवार को सामने आई, जब वह एक दोस्त के कमरे में रात गुजारने के बाद सुबह नहीं जागा.

इंजीनियरिंग छात्र की मौत: आदित्य अपने पिता अजय कुमार मिश्रा के इकलौते बेटे थे. उनके पिता एक मेडिकल स्टोर चलाते हैं और अधिवक्ता भी हैं. परिवार में एक बहन भी है. आदित्य पढ़ाई में अत्यंत मेधावी थे और घर से लगभग 150 किलोमीटर दूर रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे. हाल ही में उन्होंने 8 फरवरी को दी गई GATE परीक्षा में सफलता हासिल की थी, जिसका रिजल्ट 22 फरवरी को आया. उन्होंने इसे सरप्राइज के तौर पर रखा और केवल पिता को बताया था. पिता ने बताया कि बेटा रात भर पढ़ाई करता था और बहुत होनहार था.

शिवहर इंजीनियरिंग छात्र की मौत (ETV Bharat)

कैसे हुई छात्र की मौत: आदित्य पहले हॉस्टल में रहता था, लेकिन हाल में कॉलेज के बाहर किराए के कमरे में शिफ्ट हो गया था. मंगलवार रात वह एक दोस्त के निजी कमरे में रुका था. दोस्तों के अनुसार, सुबह वह नहीं जागा और तेज खर्राटे ले रहा था. दो दिन पहले उसकी बाइक से एक दुर्घटना भी हुई थी. जब दोस्तों ने उसे जगाने की कोशिश की तो तबीयत बिगड़ती दिखी, जिसके बाद उसे नजदीकी क्लिनिक ले जाया गया, लेकिन वहां से सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने पल्स चेक किया तो वह मृत घोषित कर दिया गया.

क्या कहते हैं छात्र के पिता?: पिता अजय कुमार मिश्रा ने भावुक होकर बताया कि सुबह 9 बजे तक बेटे से बात हुई थी. वह रात भर पढ़ाई कर सोया था. GATE सफलता पर खुश था, लेकिन अब सब कुछ छिन गया. मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके.

"परीक्षा थी और अभी चल रही थी, सुबह 9 बजे बात हुई थी, बेटे ने बताया कि रात भर वो पढ़ने के लिए जगा था. सुबह 9 बजे मां से बात हुई थी. वो लेट तक सोता था, रातभर पढ़ता था. बहुत होनहार था, गेट निकाला था और उसमे अच्छे स्कोर लाया था. बेटे ने मना किया था अभी सबको बताने से, कहा था सरप्राइज देगा सबको."- अजय मिश्रा, पिता

क्या कहते हैं डॉक्टर: सदर अस्पताल के डॉक्टर कमल किशोर ने बताया कि मरीज को काफी देर बाद (लगभग 2-3 घंटे बाद) लाया गया था. पहुंचते ही ट्रीटमेंट शुरू किया गया और पुलिस को सूचना दी गई. उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत ब्रेन डेथ या अन्य कारणों से हो सकती है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही असली कारण पता चलेगा. प्रशासन ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा करेगा.

"मामला तो पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगा, मौत के कारण बहुत हो सकते है. हमारे पास जब पेशेंट आया है तो हमने तुरंत उसका ट्रीटमेंट शुरू किया और पुलिस को सूचना दी. क्या कारण है वह तो एडमिनिस्ट्रेशन बताएगा."-कमल किशोर, डॉक्टर

क्या बोला कॉलेज प्रशासन: शिवहर इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केशव चौधरी ने बताया कि "आदित्य उनका छात्र था. हाल में उसकी तबीयत खराब हो गई थी. वह बाहर कमरा लेकर रहता था. तबीयत बिगड़ने पर दोस्त उसे डॉक्टर के पास ले गए, लेकिन रास्ते में सदर अस्पताल में उसे मृत पाया गया." प्राचार्य ने मृतक के पिता का नाम अजय कुमार मिश्रा बताया और शोक व्यक्त किया.

प्रशासन और पुलिस की त्वरित कार्रवाई: सूचना मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुणाल और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार सदर अस्पताल पहुंचे. एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि मौत का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ होगी. उन्होंने कहा कि मृतक दोस्त के कमरे में रात गुजार रहा था और सुबह अचानक यह घटना घटी. जांच में सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है.

Sheohar Engineering student died
जांच में जुटी पुलिस (ETV Bharat)

"मृतक आदित्य एक दोस्त के निजी कमरे में रात को रुका था. सुबह में वो सोकर नहीं उठा तो सदर अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. उनके दोस्त का कहना था की सुबह बहुत तेज खराटे ले रहा था और दो दिन पहले बाइक से एक्सीडेंट हुआ था."-सुशील कुमार, एसडीपीओ

जांच जारी, पोस्टमार्टम का इंतजार: पुलिस और प्रशासन की जांच अभी जारी है. दोस्तों के बयानों के अनुसार, बाइक एक्सीडेंट और रात भर जागने जैसी बातें सामने आई हैं, लेकिन कोई भी निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर निर्भर है. परिवार सदमे में है और न्याय की उम्मीद कर रहा है.

ये भी पढ़ें-

बिहार का बहुचर्चित 'ब्लू ड्रम कांड', मुख्य आरोपी को आजीवन कारावास

की हत्या, रिसेप्शन पार्टी में बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

100 रुपये के लिए मां को मार डाला, आरोपी बेटे को लोगों ने जमकर कूटा

Last Updated : February 26, 2026 at 9:02 AM IST