ETV Bharat / state

बिहार में 400 फीट गहरे गड्ढे से इंजीनियरिंग के छात्र का शव बरामद, दो दिनों से था लापता

शेखपुरा में दो दिनों से लापता बीटेक छात्र राजा का शव खनन से बने गहरे गड्ढे से बरामद हुआ. परिजनों ने हत्या की आशंका जताई.

Dead Body recovered in Sheikhpura
घटनास्थल पर जुटी लोगों की भीड़ (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : July 6, 2026 at 6:06 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

शेखपुरा : बिहार के शेखपुरा से सनसनीखेज मामला सामने आया है. जिले के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुआरा के समीप पत्थर खनन से बने 400 फीट गहरे जलभराव वाले गड्ढे से दो दिनों से लापता बीटेक छात्र का शव एसडीआरएफ की टीम ने बरामद किया. शव मिलने की सूचना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया. घटना से आक्रोशित लोगों ने पुलिस वाहन पर पथराव भी किया, जिसमें चार पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गए.

शनिवार से था लापता : मृतक की पहचान शेखपुरा नगर के मेहुस मोड़ निवासी मोटर पार्ट्स व्यवसायी संतोष यादव के पुत्र हेमराज उर्फ राजा कुमार के रूप में हुई है. राजा जयपुर के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक का छात्र था. परिजनों के अनुसार शनिवार दोपहर राजा बाइक लेकर घर से पेट्रोल भरवाने की बात कहकर निकला था. उसने इसकी जानकारी अपनी मां को दी थी, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा. काफी देर तक कोई संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की और पुलिस को सूचना दी.

Dead Body recovered in Sheikhpura
जांच करने पहुंची पुलिस (ETV Bharat)

कचरा डंपिंग यार्ड के पास मिली थी बाइक : रविवार को महादेव नगर स्थित कचरा डंपिंग यार्ड के पास राजा की बाइक लावारिस हालत में मिली, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया. जबकि उसका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ आ रहा था. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी माध्यमों से जांच में जुटी रही, लेकिन दो दिनों तक उसका कोई सुराग नहीं मिला.

SDRF ने गहरे गड्ढे से निकाला शव : सोमवार दोपहर जमुआरा के समीप पत्थर खनन से बने तालाबनुमा गहरे गड्ढे में तलाशी अभियान के दौरान एसडीआरएफ की टीम ने राजा का शव बरामद किया. शव के बाहर निकलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे क्षेत्र में शोक व सनसनी का माहौल बन गया.

Dead Body recovered in Sheikhpura
एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान (ETV Bharat)

''छात्र के लापता होने की सूचना मिलने के बाद से पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से जांच कर रही थी. सोमवार को एसडीआरएफ की सहायता से तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें शव बरामद हुआ. मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है. एफएसएल टीम को भी जांच में लगाया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.''- डॉ. राकेश कुमार, एएसपी

आक्रोशित ने पुलिस वाहनों पर किया पथराव : शव मिलने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने पुलिस वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे चार पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लेकर मामला शांत कराया.

Dead Body recovered in Sheikhpura
पुलिस गाड़ी में तोड़फोड़ (ETV Bharat)

हत्या की आशंका, निष्पक्ष जांच की मांग : मृतक के भाई नौलखा कुमार ने प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि खनन से बने इस जानलेवा गड्ढे की समुचित घेराबंदी और सुरक्षा व्यवस्था की गई होती तो यह घटना नहीं होती. उन्होंने आशंका जताई कि राजा की साजिश के तहत हत्या कर शव को गड्ढे में फेंका गया है. परिजनों ने मामले की निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक जांच कराने की मांग की है.

पहले भी हो चुकी है मौत : शेखपुरा जिले में पूर्व में हुए पत्थर खनन से बने करीब 400 फीट गहरे जलभराव वाले गड्ढे लगातार लोगों की जान ले रहे हैं. करीब डेढ़ वर्ष पूर्व भी एक छात्र की इसी तरह के गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई थी. उस समय एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की कई दिनों की मशक्कत के बाद चौथे दिन शव बरामद किया गया था.

उस घटना के बाद जिला प्रशासन ने ऐसे सभी खतरनाक गड्ढों के चारों ओर सुरक्षा घेराबंदी, चेतावनी बोर्ड और कंटीले तार लगाने का निर्णय लिया था. लेकिन समय बीत जाने के बावजूद अधिकांश स्थानों पर सुरक्षा के कोई प्रभावी इंतजाम नहीं किए गए. स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण ये खनन स्थल अब 'मौत की खाई' बन चुके हैं और लगातार लोगों की जान ले रहे हैं.

ये भी पढ़ें :-

अवैध खनन को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प, फायरिंग में युवक को लगी गोली

डबल मर्डर से दहला बिहार, पहले कत्ल किया फिर तेजाब डाला, उसके बाद पैक करके फेंक दिया