सिविल इंजीनियर रहे शैलेंद्र बने बिहार के पथ निर्माण मंत्री, बोले- पार्टी की अपेक्षा पर खरा उतरूंगा
इंजीनियर से नेता बने बिहपुर विधायक बने शैलेंद्र बिहार में मंत्री बने हैं. उन्होंने केन्द्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार जताया. पढ़ें

Published : May 7, 2026 at 9:06 PM IST
पटना : भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर से युवा चेहरे पर दांव लगाया है. सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल में कई युवा चेहरे को शामिल किया गया है. बिहपुर के विधायक इंजीनियर शैलेंद्र को पार्टी ने मंत्री बनाया है. इंजीनियर शैलेंद्र पहली बार मंत्री बने हैं. उन्हें पथ निर्माण विभाग का जिम्मा सौंपा गया है. मतलब सिविल इंजीनियर रहे शैलेन्द्र, बिहार के पथ निर्माण की स्थिति को सुधारने का कार्य करेंगे.
'पार्टी के उम्मीद पर खरा उतरूंगा' : ईटीवी भारत से खास बातचीत के दौरान इंजीनियर शैलेंद्र ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करता हूं. केंद्रीय नेतृत्व ने मुझ पर भरोसा जताया है. मैं केंद्रीय नेतृत्व और पार्टी के उम्मीद पर खरा उतरूंगा.
''मुझ जैसे कार्यकर्ता पर पार्टी ने भरोसा जताया है. यह भाजपा जैसी पार्टी में ही हो सकता है. भागलपुर को नवगछिया से जोड़ने वाला पुल क्षतिग्रस्त हुआ है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मामले को गंभीरता से लिया है. जल्द ही पुल के मरम्मती का काम पूरा हो जाएगा.''- इंजीनियर शैलेंद्र, मंत्री, बिहार सरकार
इंजीनियर शैलेंद्र का सफर : इंजीनियर शैलेंद्र नवगछिया जिला स्थित बिहपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं. इंजीनियर शैलेंद्र तीन बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं. एक बार विधानसभा चुनाव हारने के बाद इंजीनियर शैलेंद्र ने संन्यास की घोषणा कर दी थी लेकिन जनता के दबाव के बाद फिर राजनीति में वापस आए. इंजीनियर शैलेंद्र ने केंद्रीय नेतृत्व और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया है.

