ऊर्जा मंत्री नागर बोले- दो साल में सुधरा बिजली सप्लाई तंत्र, कांग्रेस के विधायक भी कर रहे प्रशंसा
भाजपा कार्यालय में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने सुनी पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याएं, समाधान के निर्देश दिए.

Published : January 5, 2026 at 4:03 PM IST
|Updated : January 5, 2026 at 4:32 PM IST
जयपुर : ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने सोमवार को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए. इस मौके पर 75 मामले आए, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही समाधान किए गए. कुछ मामलों को संबंधित विभाग में निस्तारण के लिए भेजा गया. जनसुनवाई के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री नागर ने कहा कि मामलों का जल्द से जल्द निस्तारण के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि आगामी दिनों में वे मामले वापस नहीं आएं. ज्यादातर मामले व्यक्तिगत समस्या के सामने आ रहे हैं. सामूहिक कार्यों से जुड़े मामले कम आ रहे हैं. भाजपा सरकार में बिजली को लेकर जो सुधार हुए हैं उनकी कांग्रेस के विधायक भी प्रशंसा कर रहे हैं.
इन विभागों से जुड़ी समस्याएं लाए कार्यकर्ता : उन्होंने कहा कि आज ऊर्जा विभाग, परिवहन विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, स्वायत्त शासन और राजस्व विभाग से जुड़े मामले ज्यादा आए हैं. जिन समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया जा सकता था, उनका निस्तारण कर दिया गया है. कुछ मामलों को संबंधित विभागों में निस्तारण के लिए भेजा गया है. जनसुनवाई में कार्यकर्ताओं को संतुष्ट किया जा रहा है.
पढे़ं. जनसुनवाई में सीएम नहीं मिले तो कार्यकर्ता बन भाजपा मुख्यालय पहुंचे व्याख्याता...जानिए वजह
वसुंधरा राजे के बयान को लेकर यह कहा : पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के बयान को लेकर उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सुनवाई के लिए ही यह मुहिम शुरू की गई है. जो लोग यहां आ रहे हैं, उनकी समस्याओं का समाधान भी किया जा रहा है. कुछ काम पूरे करवाना तकनीकी रूप से संभव नहीं है, जिनके बारे में कार्यकर्ताओं को संतुष्टिपूर्वक जवाब दिया जा रहा है. कोर्ट में लंबित मामलों का भी जनसुनवाई में समाधान संभव नहीं है.
दो साल में 1.50 लाख कृषि कनेक्शन दिए : उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता संतुष्ट है. भाजपा कार्यकर्ता उसके पास आने वाली ज्यादातर समस्याओं का समाधान करवाने का प्रयास करता है. जो काम पूरे नहीं हुए, पार्टी कार्यकर्ता को उसकी चिंता रहती है. ऊर्जा विभाग से जुड़े एक सवाल के जवाब में मंत्री नागर ने कहा कि हमने अभी तक डेढ़ लाख से ज्यादा किसानों को दो साल में बिजली कनेक्शन जारी किए हैं. लंबित आवेदनों पर भी गर्मी से पहले बिजली कनेक्शन जारी कर दिए जाएंगे.
नव उत्थान ,नई पहचान ।
— Heeralal Nagar (@hlnagar) January 5, 2026
बढ़ता राजस्थान ,हमारा राजस्थान ।
आज 📍भाजपा प्रदेश कार्यालय,जयपुर में जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत विभिन्न क्षेत्रों से पधारे आमजन के जनअभावों को सुनकर उनके निवारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
.
.#Jaipur #जनसुनवाई #Rajasthan #Heeralalnagar… pic.twitter.com/teB6lMHgeu
पिछली सरकार में बिजली तंत्र की दुर्दशा : उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के पांच साल में बिजली सप्लाई तंत्र दुर्दशा का शिकार था. आज दो साल में हमने सुधार किया है. हम बिजली कटौती नहीं कर रहे हैं. प्रदेश के 22 जिलों में किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है. छह घंटे बिना किसी बाधा के बिजली सप्लाई की जा रही है. जहां फिलहाल रात को बिजली दी जा रही है, वहां भी 2027 तक दिन में बिजली देने का प्रयास है. हम किसी तरह की कोई कटौती नहीं कर रहे हैं. सत्ता पक्ष के साथ ही प्रतिपक्ष के विधायक भी कह रहे हैं कि दो साल में बिजली सप्लाई में सुधार आया है.

