ETV Bharat / state

हरिद्वार में छापा मारने गई ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम पर हमला, बिजली चोरी रोकने के दौरान हुई घटना

बिजली चोरी की शिकायत पर पथरी क्षेत्र के बहादुरपुर जट गांव गई थी ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम

ENERGY CORPORATION TEAM ATTACKED
ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम से मारपीट (Photo courtesy: Energy Corporation)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 18, 2026 at 12:17 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हरिद्वार: जिले के पथरी क्षेत्र के बहादुरपुर जट गांव में बिजली चोरी की शिकायत पर छापेमारी करने पहुंची विजिलेंस टीम के साथ कुछ ग्रामीणों ने अभद्रता कर डाली. आरोप है कि कुछ ग्रामीणों ने टीम पर हमला भी किया. घटना बुधवार सुबह की की बताई जा रही है, जहां छापेमारी की कार्रवाई के दौरान टीम को विरोध का सामना करना पड़ा. हालांकि टीम के साथ पुलिस और पीएसी के जवान भी शामिल थे, जिन्होंने मौके पर हालात को काबू किया. फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

हरिद्वार के गांव में बिजली चोरी रोकने गई टीम के साथ मारपीट: जानकारी के अनुसार ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम को बहादराबाद ब्लॉक में बिजली चोरी की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं. बहादरपुर गांव में भी बिजली चोरी की शिकायत प्राप्त हुई थी. शिकायत का संज्ञान लेकर बुधवार सुबह करीब सात बजे विजिलेंस की टीम गांव में बिजली चोरी की जांच के लिए पहुंची थी. टीम ने गांव में बिजली के खंभों पर अवैध तारों को हटाना और जब्त करना शुरू कर दिया.

ऊर्जा निगम की टीम से मारपीट (viral video)

ग्रामीणों ने मारपीट के आरोपी को छुड़ाया: इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने छापेमारी की कार्रवाई का विरोध कर दिया और उन्होंने टीम का घेराव कर दिया. इसी बीच एक दबंग ग्रामीण ने टीम पर हमला कर दिया. इससे मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया. इस दौरान टीम के साथ अभद्रता करने वाले आरोपी की पहचान की गई. तभी टीम के साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया. लेकिन मौके पर मौजूद अन्य कई लोगों ने आरोपी को छुड़ाने का प्रयास किया.

ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम से मारपीट: आरोप है कि कुछ ग्रामीणों ने आरोपी को छुड़ाने के लिए टीम पर हमला कर दिया. कई ग्रामीण उसे बचाने के लिए टीम के साथ भीड़ पड़े. हालांकि टीम के साथ पहले से मौजूद पुलिस और पीएसी के जवानों ने स्थिति को नियंत्रण में किया. इसी बीच कुछ ग्रामीणों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में कई लोग टीम के साथ अभद्रता करते और भागते हुए दिखाई दे रहे हैं. फिलहाल गांव में शांति का माहौल है और पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. साथ ही पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

मारपीट के आरोपी की पहचान हुई: पथरी थाना पथरी प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि-

बुधवार सुबह ऊर्जा निगम की विजिलेंस की टीम गांव में बिजली चोरी की शिकायत पर छापेमारी करने पहुंची थी. उस दौरान एक ग्रामीण ने टीम के साथ अभद्रता की है. आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी चल रही है. गांव में पुलिस बल तैनात कर स्थिति को सामान्य बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ा दी गई है. फिलहाल गांव में शांति बनी हुई है.
-मनोज नौटियाल, थाना प्रभारी, पथरी-

ये भी पढ़ें: लक्सर: बिजली चोरी पकड़ने पर ऊर्जा निगम की टीम पर हमला, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा