ETV Bharat / state

चौथ माता मंदिर मार्ग पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विरोध, दुकानदारों ने शुरू किया अनिश्चितकालीन अनशन

वन विभाग का कहना है कि वन विभाग की इस भूमि पर लवकुश वाटिका बनाया जाना प्रस्तावित है.

Forest Department removed encroachment
वन विभाग ने हटाया अतिक्रमण (ETV Bharat Sawai Madhopur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 26, 2026 at 7:46 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सवाई माधोपुर: जिले के चौथ का बरवाड़ा में वन विभाग द्वारा विगत दिनों चौथ माता मंदिर मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के नाम पर बुलडोजर चलाकर तोड़ी गई 90 से अधिक अस्थायी दुकानों को लेकर अब माहौल गरमाता हुआ नजर आ रहा है. वन विभाग ने चौथ माता मन्दिर मार्ग स्थित खातालाब मैदान से वर्षों से संचालित हो रही पूजा-प्रसाद की 90 से अधिक अस्थायी दुकानों को अतिक्रमण बताते हुए ध्वस्त कर दिया गया था. कार्रवाई के बाद अब प्रभावित दुकानदारों में भारी आक्रोश नजर आ रहा है. अब नाराज दुकानदारों ने अनिश्चितकालीन धरना देने के साथ ही अनशन शुरू कर दिया है.

पीड़ित दुकानदारों का कहना है कि वे लंबे समय से मन्दिर मार्ग स्थित मैदान पर दुकान लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते आ रहे थे. वन विभाग द्वारा अचानक की गई कार्रवाई से दर्जनों परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है. कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में दुकानदार मंदिर मार्ग के पास धरने पर बैठ गए और अनशन शुरू कर दिया. प्रदर्शन कर रहे दुकानदारों का आरोप है कि वन विभाग ने कार्रवाई से पहले उनके पुनर्वास या वैकल्पिक व्यवस्था पर कोई ध्यान नहीं दिया. इससे पहले भी दुकानदारों ने अपनी मांगों को लेकर वन मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा था और दोबारा दुकानें आवंटित करने की मांग की थी. मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने आंदोलन तेज करते हुए अनशन शुरू कर दिया है.

दुकानदारों ने बताई पीड़ा, बैठे अनशन पर (ETV Bharat Sawai Madhopur)

पढ़ें: वन विभाग ने 40 बीघा जमीन से हटाया अतिक्रमण, इसमें 20 बीघा पर काबिज था हिस्ट्रीशीटर कालू भड़क

वहीं बजरंग दल सह–संयोजक कमलेश सैनी ने कहा कि वन विभाग ने जिस प्रकार की कार्यवाही की है, उसके बाद गरीब दुकानदारों के परिवार पर संकट मंडराता नजर आ रहा है. वन विभाग अधिकारियों ने दुकानों में सामान भरा होने के बावजूद उनकी दुकानों पर बुलडोजर चलाकर चलाया. जिससे दुकानदारों का लाखों रुपए का नुकसान हो गया. सैनी का कहना है कि चौथ माता मंदिर पर दुकानें लगाने वाले सभी लोग गरीब परिवारों से हैं. दुकानदारों ने सरकार और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि इसकी निष्पक्ष जांच की जाए और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने के साथ दुकानदारों को नुकसान का उचित मुआवजा दिलावाया जाए.

पढ़ें: श्मशान गृह के रास्ते पर अतिक्रमण हटाने की मांग, शव सड़क पर रख किया विरोध प्रदर्शन

वहीं चौथ माता मंदिर के पुजारी शंकर लाल सैनी का कहना है कि चौथ माता मंदिर मार्ग पर वन विभाग द्वारा जिस प्रकार कार्रवाई की गई है, वह अन्याय करने जैसा है. ये दुकानदार विगत 40 से 50 सालों से यहां दुकानें लगाकर परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि दुकानदारों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सभी ने अनिश्चितकालीन धरना देकर मांग की है. वहीं धरनास्थल पर 10 लोगों के द्वारा अनशन किया गया है. उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों को नहीं माना जाता, यह अनिश्चितकालीन धरना और अनशन जारी रहेगा. वहीं वन विभाग का कहना है कि यह भूमि वन विभाग की है. यहां लवकुश वाटिका का निर्माण प्रस्तावित है. इसके चलते पूर्व में दुकानदारों को नोटिस जारी कर दुकानें हटाने के निर्देश दिये गए थे, जिसके बाद कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाया गया है.