कोलियारी में अतिक्रमण हटाने की तैयारी से हड़कंप, 50 मकानों पर नोटिस चस्पा
विधायक ओंकार साहू ग्रामीणों से मिलने पहुंचे और उन्हें आश्वस्त किया कि किसी का भी घर टूटने नहीं दूंगा.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : July 4, 2026 at 9:50 AM IST
धमतरी: तहसील के ग्राम कोलियारी में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर माहौल गरमा गया है. करीब 50 मकानों पर बेदखली संबंधी नोटिस चस्पा किए जाने के बाद ग्रामीणों में हड़कंप और आक्रोश का माहौल है. एक ओर प्रशासन ने शासकीय भूमि खाली कराने के लिए अंतिम चेतावनी जारी की है, वहीं दूसरी ओर धमतरी विधायक ओंकार साहू ग्रामीणों के समर्थन में गांव पहुंच गए और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
सरकारी जमीन पर अतिक्रमण पर कार्रवाई
अतिरिक्त तहसीलदार, धमतरी द्वारा 18 जून 2026 को जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार ग्राम कोलियारी के खसरा नंबर 905 (रकबा 7.71 हेक्टेयर), 906 (0.33 हेक्टेयर) और 907 (0.34 हेक्टेयर) की भूमि छत्तीसगढ़ शासन के स्वामित्व में दर्ज है. इसे शासकीय प्रयोजन के लिए आरक्षित किया गया है. प्रशासन ने इन भूमि पर किसी भी प्रकार के नए अतिक्रमण पर रोक लगाते हुए पहले से किए गए अवैध कब्जों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी व्यक्ति या संस्था ने संबंधित शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा किया है तो वह स्वेच्छा से भूमि खाली कर दे. चेतावनी दी गई है कि आगामी निरीक्षण में यदि अतिक्रमण पाया गया तो बिना किसी पूर्व सूचना के बेदखली की कार्रवाई की जाएगी. साथ ही अतिक्रमण हटाने में आने वाला पूरा खर्च भी संबंधित अतिक्रमणकारी से वसूला जाएगा.
ग्रामीणों ने जताया विरोध
इधर, नोटिस चस्पा होने के बाद गांव के लोगों में गहरी चिंता है. ग्रामीणों का कहना है कि वे कई वर्षों से यहां रह रहे हैं. उन्होंने मेहनत की कमाई से एक-एक ईंट जोड़कर अपने मकान बनाए हैं और अब अचानक बेदखली की कार्रवाई से उनके सामने आशियाना छिनने का संकट खड़ा हो गया है.

ग्रामीणों के लिए जमीन नहीं है और हॉस्टर बनाने की बात कही जा रही है. यहां गरीब लोग बसे हैं, घर तोड़ने पर हम कहां जाएंगे - मनीषा सोनकर, ग्रामीण
52 घरों को तोड़ना चाहते हैं. मेरी उम्र 60 साल है इस उम्र में मैं कहां जाउंगा. नोटिस भी सिर्फ ग्राम पंचायत को दिया गया है, घरों में कोई नोटिस नहीं दिया गया है. जमीन का कोई पट्टा नहीं है, जमीन अवैध है. ग्राम पंचायत भी हमारी कोई मदद नहीं कर रहा - नयन दास, ग्रामीण
ग्रामीणों को विधायक का साथ
ग्रामीणों की जानकारी मिलने पर शुक्रवार की शाम करीब 6 बजे धमतरी विधायक ओंकार साहू कोलियारी पहुंचे और नोटिस प्राप्त परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. विधायक ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर पूरी स्थिति की जानकारी ली. ओंकार साहू ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि बारिश के मौसम में किसी भी परिवार को बेघर नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि यदि इस समय लोगों को बेदखल किया गया तो वे कहां जाएंगे. विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि "मैं किसी भी घर को टूटने नहीं दूंगा. मैं ग्रामीणों के साथ खड़ा हूं और उनकी हरसंभव मदद करूंगा."

जिम्मेदार जनप्रतिनिधि होने के नाते मैं हमेशा ग्रामीणों के साथ रहूंगा. संबंधित अधिकारियों से भी बात की, उन्होंने भी किसी तरह की तोड़फोड़ नहीं करने को लेकर आश्वस्त किया है-ओंकार साहू, विधायक, धमतरी
प्रशासन की कार्रवाई और विधायक के आश्वासन के बीच अब पूरे मामले पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं. एक ओर प्रशासन शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की तैयारी में है, तो दूसरी ओर ग्रामीण अपने आशियाने को बचाने की मांग पर अड़े हुए हैं. आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है.

