अतिक्रमण तोड़ू दस्ते के सामने बवाल, जिला प्रशासन को दी धमकी
महिला ने खुद पर पेट्रोल डालकर किया हंगामा. आज फिर शुरू होगी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 10, 2026 at 9:32 AM IST
धमतरी: अर्जुनी थाना इलाके में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी कड़ी में सोमवार को पीपरछेड़ी गांव में अतिक्रमण हटाने गए दस्ते से लोग भिड़ गए. घंटों इलाके में हंगामा और बहस होती रही. जिला प्रशासन का कहना था कि लोगों ने सरकारी जमीन पर अवैध अतिक्रमण कर अपने मकान और दुकान बना लिए हैं. जबकि लोगों की दलील थी कि वो सालों से यहां पर काबिज हैं. उनके दुकान और मकान है जिसे वो अब छोड़ नहीं सकते.
जिला प्रशासन ने लोगों को हटाने की जब कोशिश की तो वो जेसीबी के सामने धरने पर बैठ गए. जिसकी वजह से अतिक्रमण तोड़ू दस्ते का आगे बढ़ना मुश्किल हो गया. कुछ लोग तो जेसीबी के ऊपर भी चढ़कर हंगामा करने लगे.
अतिक्रमण हटाने को लेकर हंगामा
विवाद ज्यादा बढ़ा तो पीपरछेड़ी गांव के एक परिवार ने खुद पेट्रोल डाल लिया और जिला प्रशासन को डराने की कोशिश करने लगा. जिला प्रशासन की टीम ने मौके पर जमा भीड़ को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ न तो अतिक्रमण हटाने को तैयार थी न जेसीबी के सामने से हटने को तैयार हुई. जिला प्रशासन ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार काम में कोई बाधा डालेगा तो उसपर सख्त कार्रवाई होगी. जिला प्रशासन की चेतावनी के बाद भी भीड़ जेसीबी के सामने से नहीं हटी.
आज फिर शुरू होगी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई
हालात बिगड़ता देख जिला प्रशासन की टीम ने राजस्व विभाग के साथ चर्चा कर अतिक्रमण के खिलाफ चल रही कल की कार्रवाई को रोक दिया. आज जब एक बार फिर से जिला प्रशासन की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए निकलेगी तो हंगामा होने के पूरे आसार बने हुए हैं. कल देर शाम ग्राम पंचायत की भी बैठक हुई है. पंचायत की बैठक में ग्रामीणों ने क्या कुछ तय किया है ये अभी साफ नहीं हुआ है. उम्मीद जताई जा रही है कि आज भी अतिक्रमण हटाने को लेकर विरोध प्रदर्शन ग्रामीणों की ओर से किया जाएगा.
अतिक्रमण तोड़ू दस्ता आज फिर पहुंचेगा
अर्जुनी थाना अंतर्गत पीपरछेड़ी गांव में प्रशासन की अतिक्रमण तोड़ू दस्ता ने दबिश दी. सोमवार का हुए इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. सरकारी जमीन पर बनाएं अतिक्रमण पर प्रशासन ने जैसे ही बुलडोजर चलाना शुरु कर दिया इसके बाद अतिक्रमणकारी विरोध जताते हुए जेसीबी के सामने बैठ गए. इस दौरान ग्राम पंच, तहसीलदार, पटवारी और पुलिस बल मौजूद था.एक युवक जेसीबी के पंजे पर भी चढ़ गया और अतिक्रमण तोड़ने का विरोध करने लगे. उनका आरोप था कि गांव के सरपंच और गांव के कुछ लोगों ने भी अतिक्रमण कर निर्माण कर रखा है, उनका भी अतिक्रमण हटाया जाए.
तहसीलदार का बयान
तहसीलदार दुर्गेश तंवर ने कहा, पीपरछेड़ी गांव में कुल 22 अतिक्रमण चिन्हांकित किए गए हैं. सोमवार को तहसीलदार और अर्जुनी पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई थी. लेकिन विरोध और बवाल के चलते इसे रोकना पड़ा. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मंगलवार को अतिरिक्त सुरक्षा बल की मौजूदगी में दोबारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी.
शव दफनाने को लेकर धमतरी में विवाद, मौके पर पहुंचे एसडीएम और तहसीलदार
धमतरी में पीले पंजे की दहाड़, बुलडोजर एक्शन से मचा हड़कंप, लोगों ने किया विरोध
अजगर निकलने से मचा हड़कंप, धमतरी के बागतराई रावा गांव में सांप का रेस्क्यू ऑपरेशन

