ETV Bharat / state

यूपी के तीन जिलों में एनकाउंटर; गाजीपुर में 35 मुकदमों में वांछित हिस्ट्रीशीटर अस्पताल से फरार, सहारनपुर और अंबेडकरनगर में 2 बदमाश गिरफ्तार

गाजीपुर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर सुधीर को 21 अगस्त को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था.

यूपी में एनकाउंटर
यूपी में एनकाउंटर (Photo Credit : ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : August 29, 2026 at 2:56 PM IST

|

Updated : August 29, 2026 at 3:16 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

गाजीपुर/सहारनपुर/अंबेडकरनगर : उत्तर प्रदेश पुलिस भले ही एनकाउंटर में रिकार्ड कायम कर रही है, लेकिन पुलिस का खौफ शायद बदमाशों-अपराधियों में नहीं है. यही कारण है कि पुलिस के लगातार एनकाउंटर के बाद अपराध बढ़ रहे हैं और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. बदमाशों के बेखौफ होने का ताजा मामला गाजीपुर में देखने को मिला. यहां एनकाउंटर में गिरफ्तार 35 मुकदमों वाला हिस्ट्रीशीटर में पुलिस को चकमा देकर अस्पताल से फरार हो गया. हालांकि सहारनपुर और अंबेडकरनगर में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है.

यूपी के जिलों में एनकाउंटर की जानकारी देते अधिकारी. (Video Credit : ETV Bharat)



एसपी सिटी गाजीपुर डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि अंतरजनपदीय हिस्ट्रीशीटर और लुटेरे सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी को बीते 21 अगस्त को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया था. उसके पैर में गोली लगी थी. उपचार के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था. शनिवार भोर में सुधीर बाथरूम जाने के बहाने पुलिस की निगरानी से निकलकर फरार हो गया. सुधीर पर लूट, रंगदारी, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत करीब 35 मुकदमे गाजीपुर के अलावा लखनऊ, सुल्तानपुर और आजमगढ़ समेत कई जिलों में दर्ज हैं.


सहारनपुर में हत्या के प्रयास में वांछित गिरफ्तार

सहारनपुर के थाना मंडी इलाके में पुलिस ने शनिवार रात मुठभेड़ के बाद हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी है. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आरोपी के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस तथा चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है.

सीओ रविकांत पाराशर ने बताया कि 29 अगस्त की रात थाना मंडी पुलिस टीम शुक्लापुरी रोड स्थित शराब के ठेके के पास चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना मंडी में दर्ज हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित अभियुक्त शुक्लापुरी की तरफ से मोटरसाइकिल पर आ रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया.


पुलिस टीम को देखते ही संदिग्ध ने मोटरसाइकिल की रफ्तार बढ़ा दी और शुक्लापुरी की ओर कच्ची सड़क पर भागने लगा. पुलिस टीम ने पीछा किया तो अभियुक्त ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी. पुलिस टीम की आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी. जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान साकिब अहमद पुत्र असलूब अहमद निवासी निसार रोड रायवाला, थाना मंडी, सहारनपुर के रूप में हुई है.

सीओ रविकांत पाराशर के अनुसार साकिब मूल रूप से हैदराबाद का रहने वाला है. साकिब अहमद थाना मंडी में दर्ज धारा 109 (1)/61(2) बीएनएस के मुकदमे में वांछित था. इसके अलावा बरामद मोटरसाइकिल थाना मंडी पर दर्ज धारा 303(2)/317(2) बीएनएस से संबंधित है. गोली लगने के बाद घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.




सीतापुर के शातिर बदमाश को अंबेडकरनगर पुलिस ने दबोचा


जैतपुर थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में शुक्रवार देर शाम 25 हजार रुपये का इनामी वांछित बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया. पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

सीओ जलालपुर अनूप कुमार सिंह के अनुसार बीते शुक्रवार शाम जैतपुर थाना पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान ग्राम जैतपुर स्थित एक बाग के पास पुलिस टीम का सामना वांछित बदमाश पप्पू पुत्र चंद्रिका प्रसाद निवासी ग्वारी चमारन का पुरवा, थाना थानगांव, जनपद सीतापुर से हो गया था.

घेराबंदी देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग दी. पुलिस टीम की जवाबी फायरिंग में बदमाश घायल हो गया. उसके दाहिने पैर में गोली लगी है. आरोपी जैतपुर थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 62/2026 और 63/2026 में वांछित चल रहा था. उसके पास से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल, चोरी की एक सोने की चेन, दो सोने की अंगूठियां और 1,750 रुपये नकद बरामद हुए हैं.

सीओ जलालपुर के मुताबिक आरोपी के खिलाफ अंबेडकरनगर के अलावा आजमगढ़ और गाजीपुर जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट समेत अन्य गंभीर अपराधों के करीब 26 मुकदमे दर्ज हैं. बदमाश पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है.

यह भी पढ़ें : एसओजी की चुराई थी गाड़ी, पुलिस हिरासत से हुआ फरार

यह भी पढ़ें : फर्रुखाबादः इनामी बदमाश फरार, 5 पुलिसकर्मियों को बर्खास्तगी का नोटिस

Last Updated : August 29, 2026 at 3:16 PM IST