सुलतानपुर में पुलिस एनकाउंटर; 1 लाख का इनामी तालिब ढेर, लखीमपुर खीरी में भी था वांटेड
लूट, गोकशी, चोरी समेत करीब एक दर्जन मुकदमे थे दर्ज, एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मारा गया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 5, 2026 at 8:38 AM IST
|Updated : January 5, 2026 at 12:14 PM IST
सुलतानपुर : यूपी पुलिस ने एनकाउंटर में एक और बदमाश को ढेर किया है. मुठभेड़ राष्ट्रीय राजमार्ग 731 पर लभुआ इलाके में हुई. यहां पुलिस ने 1 लाख के इनामी तालिब उर्फ आजम खां (26) को मुठभेड़ में मार गिराया. तालिब पर गोकशी, लूट, चोरी समेत एक दर्जन मुकदमे दर्ज थे. उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हुई थी. कोतवाल लम्भुआ संदीप राय ने मुठभेड़ की पुष्टि की है.
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में तालिब घायल हो गया, जिसके बाद उसे लम्भुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. यह कार्रवाई एसओजी और लम्भुआ थाने की पुलिस की ओर से संयुक्त रूप से की गई. पुलिस के मुताबिक, लखीमपुर खीरी में 1 लाख के इनामी तालिब के आने की सूचना मिली थी. जिसके बाद घेराबंदी की गई. यहां हुई मुठभेड़ में तालिब मारा गया. तालिब उर्फ आजम खां पुत्र गफ्फार खान गौरिया थाना फरधान, लखीमपुर खीरी का रहने वाला था.
पुलिस की ओर से तालिब के परिजनों को सूचना दी गई है. पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि पूरे घटनाक्रम के संबंध में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है. मौके पर शांति-व्यवस्था कायम है और आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं.
बता दें कि यूपी पुलिस का अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी है. इससे पहले भी कई बदमाश एनकाउंटर में ढेर किए जा चुके हैं. अभी 2 जनवरी की रात ही बुलंदशहर में पांच साल की मासूम से दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाले दो आरोपियों को शनिवार तड़के सुबह पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था. मुठभेड़ के दौरान जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी थी. बीते शुक्रवार को सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली 5 साल की मासूम खेत में लहूलुहान अवस्था में मिली थी. अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मासूम से दुष्कर्म की भी पुष्टि हुई थी.

