पटना में एनकाउंटर, कुख्यात मैनेजर राय के पैर में लगी गोली.. आरोपी पर कई मामले दर्ज
पटना में सुबह-सुबह मुठभेड़ हुई, जिसमें रंगदारी, लूट और हत्या के 20 से ज्यादा मामलों में आरोपी मैनेजर राय को गोली लगी. पढ़ें

Published : January 2, 2026 at 11:56 AM IST
पटना: राजधानी पटना के दानापुर अनुमंडल अंतर्गत खगौल थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है. जिसमें गोली लगने से कुख्यात अपराधी मैनेजर राय घायल हो गया है. लंबे समय से पुलिस को दीदारगंज इलाके के रहने वाले मैनेजर राय की तलाश थी.
बड़ी वारदात की थी तैयारी: पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि मैनेजर राय खगौल क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है. सूचना पर खगौल थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके में घेराबंदी कर दी. वरीय अधिकारियों को सूचित कर टीम ने अपराधी को पकड़ने का अभियान चलाया.
फायरिंग में कुख्यात को लगी गोली: खगौल पुलिस ने बताया कि, खुद को घिरा देख मैनेजर राय ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने संयम बरतते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अपराधी को गोली लगी और वह घायल हो गया. मुठभेड़ के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस ने हालात को जल्द काबू में कर लिया.
मैनेजर राय का चल रहा इलाज: गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों में दुबक गए. हालांकि, इस घटना में किसी आम नागरिक के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है. पुलिस ने एक बाइक भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल अपराधी कर रहा था. घायल मैनेजर राय को तुरंत पटना एम्स में भर्ती कराया गया है.

रंगदारी, लूट, हत्या सहित 20 से अधिक मामले : पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि मैनेजर राय के खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी और अवैध हथियार रखने सहित 20 अधिक मामले दर्ज हैं. वह राजद के पूर्व विधायक रीतलाल यादव का करीबी बताया जाता है. पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी.
पुराने हत्याकांड से जुड़ा नाम: मैनेजर राय का नाम वर्ष 2022 में खगौल थाना क्षेत्र में हुए डॉ. मो. अनावर आलम हत्याकांड में भी सामने आया था. इस मामले में फरार चल रहे अपराधी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है.
आज दिनांक 02.01.2026 को #खगौल थाना क्षेत्र में 01 वांछित इनामी अपराधी के साथ हुई पुलिस की मुठभेड़ की घटना के संबंध में #श्री_भानूप्रताप_सिंह,नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। @bihar_police @dm_patna @BiharHomeDept @cityspwest @SdpoDanapur… pic.twitter.com/KFH66ANa51
— Patna Police (@PatnaPolice24x7) January 2, 2026
पूछताछ और आगे की कार्रवाई: एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि फिलहाल पुलिस घायल अपराधी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क, सहयोगियों और हथियारों के स्रोत की जानकारी जुटा रही है. इस गिरफ्तारी से खगौल और आसपास के इलाकों में सक्रिय अपराधी गिरोहों पर शिकंजा कसने की उम्मीद है. पुलिस प्रशासन ने अपराधियों को सख्त चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
"मैनेजर राय का नाम साल 2022 में खगौल थाना क्षेत्र के डॉ. मो. अनावर आलम हत्याकांड में सामने आया था. जिसके बाद से ही पुलिस को उसकी तलाश थी. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है."- कार्तिकेय के शर्मा, एसएसपी, पटना
ये भी पढ़ें-
थावे मंदिर में चोरी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, गूगल पर मंदिर का डिजाइन देखकर की थी प्लानिंग
26 CCTV.. टीओपी, 4 गार्ड और एक ऑफिसर.. फिर भी बिहार के इस मंदिर से करोड़ों के गहने उड़ा ले गए चोर

