ETV Bharat / state

मरीन ड्राइव पर मुठभेड़, शार्प शूटर को दौड़ाकर मारी गोली

पटना में पुलिस और कुख्यात शार्प शूटर अमित कुमार उर्फ नीतीश के बीच मुठभेड़ हुआ है. शार्प शूटर को पैर में लगी गोली. पढ़ें खबर-

ENCOUNTER IN PATNA
पटना में मुठभेड़ (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : March 1, 2026 at 10:23 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: राजधानी पटना से रविवार सुबह एक बड़ी खबर सामने आई है. पीरबहोर थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव और पीएमसीएच इलाके में पुलिस और कुख्यात अपराधी अमित कुमार उर्फ नीतीश के बीच मुठभेड़ हुई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अपराधी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर पीएमसीएच में भर्ती कराया गया. मौके से एक पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया.

गुप्त सूचना पर शुरू हुई कार्रवाई: पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मरीन ड्राइव और पीएमसीएच इलाके में कोई बड़ी आपराधिक वारदात होने वाली है. इस आधार पर पटना पुलिस, डीआईयू और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने सुबह-सुबह इलाके में विशेष निगरानी और घेराबंदी शुरू की. संदिग्ध गतिविधि देखकर जब पुलिस ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया, तो उसने भागने की कोशिश की. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने हथियार निकालने का प्रयास किया, जिसके बाद जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी.

सुबोध सिंह गैंग का सक्रिय सदस्य: प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अमित कुमार उर्फ नीतीश कुख्यात सुबोध सिंह गिरोह का सक्रिय सदस्य है. सुबोध सिंह वर्तमान में पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जेल में बंद है, लेकिन वहां से अपने नेटवर्क के माध्यम से आपराधिक गतिविधियां संचालित कर रहा है. अमित वैशाली जिले का मूल निवासी है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह शार्प शूटर के रूप में जाना जाता है.

कोर्ट पेशी के दौरान हत्या की साजिश: 27 जनवरी 2025 को पटना सिविल कोर्ट में पेशी के दौरान सुबोध सिंह गैंग के रोशन उर्फ ततीया की हत्या की साजिश रची गई थी. अमित और उसके साथी पीयूष इस हत्या को अंजाम देने पहुंचे थे. पुलिस को भनक लगने पर पीयूष को पकड़ लिया गया, जबकि अमित फरार हो गया. पुलिस अब अमित से पूछताछ कर रही है कि उसने किस गैंग से सुपारी ली थी और पूरी साजिश के पीछे कौन था.

पेशी के बहाने पीएमसीएच में हमले की योजना: जानकारी के अनुसार, रोशन ततीया को पेशी के बहाने पीएमसीएच लाए जाने के दौरान मरीन ड्राइव इलाके में हमला करने की योजना बनाई गई थी. समय रहते पुलिस को इसकी जानकारी हो गई, जिससे साजिश नाकाम रही. पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से राजधानी में एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई है.

घायल आरोपी पर पुलिस निगरानी: घटना की सूचना मिलते ही टाउन डीएसपी, डीआईयू और एसटीएफ के अधिकारी मौके पर पहुंच गए. घायल अमित को तत्काल पीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां पुलिस की सख्त निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य), पटना ममता कल्याणी ने बताया कि पूछताछ जारी है और जल्द ही पूरे आपराधिक नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा.

"पटना में पुलिस और कुख्यात अपराधी शार्प शूटर अमित के बीच मुठभेड़ हुआ है. अपराधी पूर्व में सिविल कोर्ट पटना (पीरबहोर) परिसर में अवैध हथियार के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से प्रवेश किया था. उस मामले में उसके एक सहयोगी को हथियार सहित पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अमित कुमार उक्त मामले में वांछित अभियुक्त था. गिरफ्तार अपराधी का गंभीर श्रेणी के मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है." -ममता कल्याणी, नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य), पटना

ऑपरेशन लंगड़ा जारी, छापेमारी तेज: पुलिस का 'ऑपरेशन लंगड़ा' अभियान जारी है, जिसके तहत सुबोध सिंह गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. इस सफल कार्रवाई से पटना पुलिस ने अपराधियों पर कड़ा संदेश दिया है कि कानून का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

ये भी पढ़ें :

बिहार में सुबह-सुबह एनकाउंटर, STF ने कुख्यात को मारी गोली

'बिहार में जाति देखकर किया जा रहा एनकाउंटर' विपक्ष का नीतीश सरकार पर बड़ा हमला

एक 'प्रिंस' के अंत की दास्तान... जब डॉक्टर का बेटा बना अपराध का 'गोल्डन शूटर'