करनाल में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, कुटेल कांड के आरोपी के पैर में लगी गोली, पुलिस ने किया अरेस्ट
हरियाणा के करनाल में बदमाश और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई है. पैर में गोली लगने के बाद आरोपी को अरेस्ट किया गया है.

Published : July 1, 2026 at 11:07 PM IST
करनाल : हरियाणा के करनाल जिला अंतर्गत तरावड़ी क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच सीधी मुठभेड़ का मामला सामने आया है. इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जिसे मौके पर ही दबोच लिया गया. पकड़ा गया आरोपी 'कुटेल कांड' से जुड़ा छठा मुख्य आरोपी है, जो पिछले कुछ दिनों से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था
गुप्त सूचना पर सीआईए-1 ने बिछाया जाल : यह पूरी कार्रवाई सीआईए-1 टीम की मुस्तैदी के कारण संभव हो सकी. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि 29 जून को कुटेल गांव के पास से फरार हुआ आरोपी परमीत एक बाइक पर सवार होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम अलर्ट हो गई और नेशनल हाईवे समेत तरावड़ी क्षेत्र में रणनीतिक रूप से नाकाबंदी कर दी गई.

रुकने का इशारा करने पर की फायरिंग : नाकेबंदी के दौरान जब पुलिस टीम को एक संदिग्ध युवक बाइक पर आता दिखाई दिया, तो उसे रुकने का इशारा किया गया. लेकिन आरोपी ने रुकने के बजाय बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया. कुछ दूरी पर जाकर आरोपी की बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और वह जमीन पर गिर पड़ा. पुलिस कर्मियों को अपनी ओर बढ़ता देख आरोपी परमीत ने उन पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी.
जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल, अस्पताल में भर्ती : पुलिस टीम ने पहले आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन जब उसने फायरिंग बंद नहीं की, तो पुलिस ने जवाबी फायरिंग की. इस कार्रवाई में एक गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह गिर गया. पुलिस ने तुरंत उसे अपनी गिरफ्त में ले लिया और इलाज के लिए करनाल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया. डीएसपी राजीव सिंह ने बताया कि सीआईए-1 के इंस्पेक्टर संदीप सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई है. आरोपी का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है. जैसे ही वह डॉक्टरों द्वारा स्वस्थ घोषित किया जाएगा, उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा.
क्या है 'कुटेल कांड'? : इस मुठभेड़ के तार बीते 29 जून को हुई एक बड़ी पुलिस कार्रवाई से जुड़े हैं. उस दिन सीआईए-1 की टीम ने कुटेल गांव के पास रिंग रोड पर नाकेबंदी करके एक बड़े आपराधिक गिरोह के 5 सदस्यों को दबोचा था. पुलिस ने उनके कब्जे से 8 अवैध पिस्तौल, 30 जिंदा कारतूस और एक सिलेरियो कार बरामद की थी. इस घेराबंदी के दौरान परमीत (जो अब पकड़ा गया है) पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा था. इस मामले में पहले ही 5 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं.
पंजाब और कलानौर में करनी थी हत्या : उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कलानौर और पंजाब में किसी की हत्या करने वाले थे. लेकिन पुलिस ने हत्या करने से पहले ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आज मुठभेड़ में पकड़े गए आरोपियों के द्वारा पुलिसकर्मी एएसआई राजीव के ऊपर फायर किया गया था जो उनकी बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगा था. उसके बाद ही पुलिस ने गोली चलाई जिसमें आरोपी की टांग में एक गोली लगी है. टोटल तीन राउंड फायर हुए हैं. पकड़ा गया आरोपी परमीत पानीपत का रहने वाला है. उसके ऊपर पहले भी पांच मामले दर्ज है.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : जींद में मुठभेड़, पुलिस ने भैंस चोर गिरोह के 3 सदस्यों को किया गिरफ्तार, सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के हैं निवासी

