रायबरेली में रोजगार मेला; 67 कंपनियों ने 1272 अभ्यर्थियों को दिया जॉब ऑफ़र
उत्तर प्रदेश के उद्यान एवं कृषि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने रायबरेली में रोजगार मेले का शुभारंभ किया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 27, 2026 at 8:26 PM IST
रायबरेली: उत्तर प्रदेश के उद्यान एवं कृषि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने रोजगार मेले का फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया. इस गरिमामयी अवसर पर सलोन विधायक अशोक कुमार, जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी और महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से डॉ. सविता शुक्ला मुख्य रूप से उपस्थित रहीं. उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा मुलिहामऊ स्थित कर्मयोगी डिग्री कॉलेज के परिसर में इस एक दिवसीय मेले का आयोजन किया गया. मेले में रोजगार की तलाश में आए युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था.
बड़ी कंपनियों की भागीदारी और युवाओं का चयन: इस रोजगार मेले में देश की लगभग 67 कंपनियों ने शिरकत की और युवाओं का साक्षात्कार लिया. कॉलेज प्रांगण में करीब 4996 छात्र-छात्राओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और विभिन्न पदों के लिए आवेदन किया. प्रारंभिक चयन प्रक्रिया के बाद कुल 1272 अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों द्वारा नौकरी के लिए चुना गया. हालांकि कुछ अन्य कंपनियों के अंतिम परिणाम अभी लंबित हैं, जिनकी घोषणा जल्द होने की उम्मीद है.
दिग्गज कंपनियों ने परखी युवाओं की योग्यता: रोजगार मेले में ल्यूमैक्स मन्नोह, ऐलेन ऑटो इंडस्ट्रीज, मारुति सुजुकी और स्विगी जैसी नामचीन कंपनियां शामिल रहीं. इसके अलावा फ्लिपकार्ट, अमेज़न और पॉलिसी बाजार जैसी दिग्गज कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी छात्रों की योग्यता के अनुसार उनका चयन किया. कार्यक्रम के दौरान उद्यान मंत्री ने जिला सेवायोजन कार्यालय और कौशल विकास मिशन के प्रयासों की जमकर सराहना की. उन्होंने चयनित सभी अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं.
कंपनी प्रतिनिधियों के काम की सराहना: इस पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन मुख्य विकास अधिकारी (CDO) अंजू लता की अध्यक्षता में संपन्न हुआ. जिला सेवायोजन कार्यालय, कौशल विकास मिशन और कर्मयोगी डिग्री कॉलेज के संयुक्त सहयोग से इस आयोजन को प्रभावी बनाया गया. प्रशासन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं को उनके कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था. मंत्री ने महाविद्यालय परिवार और उपस्थित सभी कंपनियों के प्रतिनिधियों के कार्यों को सराहा.
यह भी पढ़ें- रायबरेली में ग्रामीणों ने चोर को पकड़कर किया पुलिस के हवाला; 17 केसों में था वांटेड

