ETV Bharat / state

बिहार में दिव्यांगों के लिए 115 पदों पर बहाली, तीन बड़ी कंपनियां देंगी रोजगार, जानें रजिस्ट्रेशन प्रोसेस

नवादा में 16 फरवरी को दिव्यांगों के लिए एक दिवसीय रोजगार कैम्प आयोजित होगा. 115 पदों पर ये तीन कंपनियां बहाली करेंगी. रजिस्ट्रेशन अनिवार्य.

NAWADA JOB CAMP
नवादा में रोजगार कैम्प नवादा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 14, 2026 at 12:52 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नवादा: बिहार के नवादा जिले में दिव्यांगों के लिए एक विशेष रोजगार कैम्प का आयोजन किया जा रहा है. यह कैम्प 16 फरवरी 2026 को लगेगा. युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर, नवादा द्वारा इस एकदिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. कार्यक्रम में कैरियर एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन सेमिनार भी शामिल होगा, जो दिव्यांग युवाओं को बेहतर भविष्य बनाने में मदद करेगा.

तीन कंपनियां देंगी नौकरी: इस रोजगार कैम्प में कुल 115 रिक्त पदों पर बहाली की जाएगी. तीन प्रमुख निजी क्षेत्र की कंपनियां इसमें भाग ले रही हैं. इनमें SBI Life Insurance Co. Ltd. (नवादा), Yug Group of Companies (झज्जर, हरियाणा) और Adecco India Ltd. (गुरुग्राम) शामिल हैं. ये कंपनियां योग्य दिव्यांग अभ्यर्थियों का चयन कर उन्हें नौकरी प्रदान करेंगी. यह अवसर दिव्यांगजनों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

कौन भाग ले सकता है?: कैम्प में मैट्रिक, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई तथा इंजीनियरिंग उत्तीर्ण दिव्यांग अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं. अभ्यर्थियों की आयु 18 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए. चयनित उम्मीदवारों को ₹12,000 से ₹25,000 तक मासिक वेतन (सीटीसी) दिया जाएगा. कार्यस्थल नवादा, झज्जर (हरियाणा), बिहार एवं झारखंड में निर्धारित हैं, जिससे स्थानीय तथा अन्य राज्यों के अवसर उपलब्ध होंगे.

कैसे भाग लें? एनसीएस पोर्टल अनिवार्य: इच्छुक दिव्यांग अभ्यर्थी अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की छायाप्रति, आधार कार्ड की छायाप्रति, दो रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो तथा बायोडाटा लेकर कैम्प स्थल पर उपस्थित हो सकते हैं. महत्वपूर्ण बात यह है कि केवल वही अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे जो एनसीएस (National Career Service) पोर्टल पर निबंधित हों. यदि कोई अभ्यर्थी अभी तक निबंधित नहीं है, तो वे स्वयं एनसीएस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं या जिला नियोजनालय, नवादा में जाकर सहायता प्राप्त कर सकते हैं.

कार्यक्रम का समय और स्थान: यह रोजगार कैम्प-सह-सेमिनार पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक चलेगा. स्थान संयुक्त श्रम भवन (सरकारी आईटीआई), नवादा का प्रांगण है. जिला नियोजन पदाधिकारी सुनील कुमार सुमन ने सभी योग्य दिव्यांग अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और समय पर पहुंचे.

"रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार, पटना के निदेशानुसार जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर, नवादा द्वारा 16 फरवरी को संयुक्त श्रम भवन नवादा के प्रांगण में दिव्यांगजनों के लिए एक दिवसीय रोजगार कैंप और करियर एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है."- सुनील कुमार सुमन, जिला नियोजन पदाधिकारी

निजी कंपनियों की जिम्मेदारी: नियोजक निजी क्षेत्र की कंपनियां हैं, इसलिए नियोजन की सभी शर्तों के लिए वे स्वयं उत्तरदायी होंगी. जिला नियोजनालय की भूमिका केवल सुविधा प्रदान करने और कैम्प आयोजित करने तक सीमित रहेगी. यह पहल दिव्यांगजनों को मुख्यधारा में लाने और उन्हें सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है.

ये भी पढ़ें-

Explainer : 'कोलकाता पर निर्भरता होगी खत्म, बिहार में मरीन सेक्टर करेगा बूम', बजट में पटना शिप रिपेयर सेंटर की पूरी कहानी

बिहार में बनेगा डिफेंस कॉरिडोर, सम्राट चौधरी ने कहा- '5 साल में 1 करोड़ नौकरी-रोजगार'