ETV Bharat / state

सरकारी आवास में मिला कर्मचारी का शव, बदबू आने पर लोगों को चला पता, पौड़ी का मामला

पौड़ी गढ़वाल में कई दिनों से बिना बताए गैरहाजिर चल रहे लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी का शव उसी के सरकारी आवास से मिला है.

ETV Bharat
लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी की मौत. (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : September 2, 2026 at 7:12 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले से बड़ी खबर सामने आई है. लोक निर्माण विभाग के सरकारी आवास में एक कर्मचारी की लाश मिली है. बताया जा रहा है कि कर्मचारी कई दिनों से ऑफिस नहीं आ रहा था और घर भी बंद था. वहीं बुधवार को कर्मचारी के घर से बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर का दरवाजा तोड़ा और अंदर गई, जहां कर्मचारी की लाश पड़ी हुई थी, जो सड़ने लगी थी.

22 अगस्त से ऑफिस नहीं गया था जितेंद्र प्रसाद: फिलहाल जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार शव लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता गढ़वाल कार्यालय में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी जितेंद्र प्रसाद थपलियाल का है. बताया जा रहा है कि जितेंद्र प्रसाद थपलियाल बीते 22 अगस्त से कार्यालय नहीं गया था. हालांकि उसकी गैरमौजूदगी की जानकारी उस समय सामने आई जब करीब 11 दिन बाद विभागीय आवास से तेज दुर्गंध आने लगी. इसके बाद आस पड़ोस के लोगों ने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी.

ETV Bharat
जितेंद्र प्रसाद थपलियाल का फाइल फोटो. (ETV Bharat)

विभागीय कॉलोनी के आवास में अकेला रहा था जितेंद्र: कोतवाल पौड़ी जयपाल सिंह नेगी ने बताया कि पड़ोसियों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो कमरे के भीतर जितेंद्र का शव बरामद हुआ. जितेंद्र विभागीय कॉलोनी स्थित आवास में अकेले रहता था.

अक्सर बिन बताए लापता रहता था जितेंद्र: विभागीय कर्मचारियों के अनुसार जितेंद्र प्रसाद थपलियाल अक्सर बिना बताए कार्यालय से अनुपस्थित रहता था. उसकी लगातार गैरहाजिरी को लेकर विभाग की ओर से कई बार उसे चेतावनी भी जारी की गई थी, जबकि वेतन रोकने के आदेश भी दिए गए थे. इसके बावजूद उसके कार्य व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ और वह लगातार लापरवाही बरतता रहा. इसीलिए इस बार भी उसकी गैरहाजिरी पर कोई शक नहीं हुआ.

pauri
लोक निर्माण विभाग पौड़ी गढ़वाल. (ETV Bharat)

कर्मचारियों ने बताया कि इससे पहले भी वह कई बार लंबे समय तक कार्यालय से नदारद रहा था. विभागीय कर्मचारियों के मुताबिक जितेंद्र प्रसाद थपलियाल कभी-कभी शराब भी पीता था. जिसके कारण कई बार कार्यालय नहीं पहुंचता था. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है.

कोतवाल जयपाल नेगी ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही हैय. जितेंद्र की मौत किन परिस्थितियों में और कैसे हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. उसी के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

पढ़ें---