रामानुजगंज फोरेस्ट रेंज में 9 हाथियों का उत्पात, वन विभाग अलर्ट, स्कूल में ग्रामीणों को किया शिफ्ट
बलरामपुर वन विभाग की टीम हाथी विचरण प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क कर रही है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : September 3, 2026 at 2:47 PM IST
बलरामपुर: रामानुजगंज फोरेस्ट रेंज में हाथियों के दल का उत्पात लगातार जारी है. नौ हाथियों का दल यहां विचरण कर रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, वन विभाग की टीम हाथी विचरण प्रभावित क्षेत्रों में लगातार गश्त और मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क कर रही है.
हाथियों के दल का उत्पात
रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में हाथियों के दल के उत्पात से कई गांव में रहने वाले ग्रामीण डर और दहशत के माहौल में रह रहे हैं. हाथी खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं. कनकपुर के अल्मा गोदाम पारा में रहने वाले ग्रामीणों को हाथियों से संभावित खतरे को देखते हुए शासकीय स्कूल में शिफ्ट किया गया है.
झारखंड से छत्तीसगढ़ पहुंचा हाथियों का दल
नौ हाथियों का दल झारखंड से कन्हर नदी के रास्ते रामानुजगंज फोरेस्ट रेंज में पहुंचा है. बीते दस बारह दिनों से रामानुजगंज में घूम रहे हैं. दिन के समय हाथियों का दल जंगल में रहता है लेकिन शाम ढलते ही हाथी गांव की बस्तियों में पहुंचकर उत्पात मचाते हैं.

हाथियों की गतिविधि पर निगरानी
हाथी प्रभावित क्षेत्र में वन विभाग द्वारा हाथियों की गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.जरूरत मंद ग्रामीणों को टॉर्च का वितरण किया जा रहा है. शाम ढलते ही ग्रामीणों को जंगल जाने से मना किया जा रहा है.

वन मंडलाधिकारी द्वारा वन विभाग के कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई जा रही है, ताकि हाथियों के आवागमन की जानकारी समय पर ग्रामीणों तक पहुंचाई जा सके. ग्रामीणों को व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए हाथियों की जानकारी दी जा रही है-दिलरुबा बानो, रेंजर, रामानुजगंज
वन विभाग ने ग्रामीणों से की अपील
हाथी विचरण क्षेत्र में कच्चे मकानों में रहने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए, वन विभाग द्वारा उन्हें आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों जैसे स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र एवं ग्राम पंचायत भवन में पहुंचाया जा रहा है. वन विभाग द्वारा ग्रामीणों से अपील किया जा रहा है कि हाथियों की उपस्थिति की सूचना मिलने पर सतर्क रहें, हाथियों के नजदीक न जाएं, उन्हें छेड़ने या भगाने का प्रयास न करें.


