ETV Bharat / state

कालागढ़ में रिहायशी इलाके में घुसा गजराज, लोगों को खूब दौड़ाया, फैली दहशत

कालागढ़ क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक हाथी जंगल से रिहायशी इलाके में आ धमका.

Kalagarh Elephant Terror
रिहायशी इलाके में आ धमका हाथी (Photo-Local Resident)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : January 2, 2026 at 2:11 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रामनगर: कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के कालागढ़ क्षेत्र में एक बार फिर गजराज का आतंक देखने को मिला, दोपहर में एक जंगली हाथी रिहायशी इलाके में घुस आया. हाथी के अचानक आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया.

जानकारी के अनुसार कालागढ़ क्षेत्र की नई कॉलोनी, जो कि रिहायशी इलाका है, वहां अचानक एक जंगली हाथी आ धमका. हाथी को देखकर सड़क पर मौजूद बाइक सवार और पैदल चल रहे लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. इस दौरान हाथी ने कुछ लोगों को दौड़ा भी लिया, जिससे स्थिति और भयावह हो गई. हाथी के पीछे दौड़ने से लोग काफी देर तक सहमे रहे और पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने किसी तरह सुरक्षित स्थानों पर छिपकर अपनी जान बचाई. काफी मशक्कत और शोर-शराबे के बाद हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा जा सका.

इस पूरी घटना का वीडियो भी मौके पर मौजूद लोगों द्वारा बना लिया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह हाथी सड़क पर लोगों के पीछे दौड़ता नजर आ रहा है. घटना के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है. विभाग द्वारा जंगल से सटे रिहायशी इलाकों में वनकर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. लगातार मॉनिटरिंग के साथ हाथी और अन्य वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. यह वीडियो 2 दिन पुराना बताया जा रहा है.

इस मामले में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि सर्दियों के मौसम में वन्यजीव अपेक्षाकृत अधिक आक्रामक हो जाते हैं, चाहे वह हाथी हो या अन्य वन्यजीव, उन्होंने लोगों से अपील की कि वे वन्यजीवों के बिल्कुल पास ना जाएं और उनके साथ फोटो या वीडियो बनाने से बचें, क्योंकि इस तरह की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है. डॉ. बडोला ने कहा कि क्षेत्र में वनकर्मियों की गश्त लगातार जारी है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है. साथ ही स्थानीय लोगों से भी सतर्क रहने और किसी भी वन्यजीव को देखकर तुरंत वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है.

पढ़ें: