ETV Bharat / state

बाघ के बाद गया के रिहायशी इलाके में घुसा हाथी, लोगों में मची अफरातफरी

गया में बाघ के बाद अब रिहायशी क्षेत्र में जंगली हाथी घुस गया है. गजराज बाजार में मस्ती से घूमते नजर आए.

Elephant spotted in Gaya
गया के रिहायशी इलाके में हाथी घुसा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 15, 2026 at 8:52 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

गया: बिहार के गया जिले में शुक्रवार शाम को बाघ देखा गया था, वहीं अब आबादी वाले क्षेत्र में जंगली हाथी घुस आया. बड़ी आबादी के बाजार वाले क्षेत्र में गजराज मस्ती से घूमते रहे. वहीं, लोगों में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची है और जंगली हाथी को वापस जंगल वाले इलाके में छोड़ने की कोशिश में जुट गई.

आबादी वाले इलाके में घुसा जंगली हाथी: स्थानीय लोगों के मुताबिक झारखंड के क्षेत्र से यह जंगली हाथी बिहार के क्षेत्र में घुसा है. झारखंड के सीमावर्ती बाराचट्टी के बरवाडीह के जंगल की ओर से निकलकर यह हाथी बाराचट्टी के आबादी के क्षेत्र में प्रवेश कर गया. हाथी बाराचट्टी के पदुमचक, सरवां बाजार, तिवारी चक, सुरौंधा समेत कई गांव में देखा गया है.

Elephant spotted in Gaya
हाथी के कारण मची अफरातफरी (ETV Bharat)

हाथी की वजह से लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति देखने को मिली. हालांकि राहत की बात ये रही कि हाथी ने किसी प्रकार का उत्पात नहीं मचाया है. वन विभाग की टीम लोगों को सतर्क करती दिखी. वहीं, कई लोग दूर-दूर से हाथी का वीडियो भी बनाते दिखे.

वन विभाग की टीम हुई सक्रिय: बाराचट्टी के वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि जंगली हाथी गांव की आबादी की आबादी वाले क्षेत्र में घुस आया है. पदुमचक, सरवां समेत अन्य इलाकों में इसे देखा गया है. जंगली हाथी को जंगल की ओर वापस भेजने के लिए वन विभाग की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है.

"वन विभाग की टीम सक्रिय तौर पर काम में जुटी हुई है. वन विभाग ग्रामीण से अपील करता है,कि वे हाथी के नजदीक में न जाएं. वन विभाग की टीम जल्द ही जंगली हाथी को जंगल की भेजने में सफल हो जाएगी."- अरविंद कुमार, वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी, बाराचट्टी

छकरबंधा में दिखा था बाघ: शुक्रवार को जिले के छकरबंधा इलाके के छरा पत्थर और खड़ाऊ जंगली इलाके में बाघ को देखा गया था. असल में वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य चल रहा है. जहां देर शाम काम कर रहे मजदूरों और हाइवा चालकों ने बाघ को जंगल की ओर विचरण करते हुए देखा.

ये भी पढ़ें: गया के छकरबंधा जंगल में पहली बार दिखा बाघ, एक्सप्रेसवे साइट पर हड़कंप