ETV Bharat / state

खेत में दौड़ा मौत का करंट, एक साथ तीन लोगों की मौत, बिलासपुर के कोटा में मातम

बिलासपुर के कोटा में एक साथ तीन लोगों की मौत से गम का माहौल है. पुलिस ने इस केस की जांच शुरू कर दी है.

Deaths due to electrocution in Bilaspur
बिलासपुर में करंट से मौतें (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : July 4, 2026 at 7:27 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बिलासपुर: कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम भाड़म में करंट से तीन लोगों की मौत हो गई. यह घटना शुक्रवार की है. खेत में काम करने गए एक ही परिवार के तीन सदस्य करंट की चपेट में आ गए, जिससे तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों में महिला और उसके दो बेटे शामिल हैं. एक साथ तीन लोगों की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी.

खेत में करंट से हुई मौत

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भाड़म निवासी दसन बाई शुक्रवार सुबह अपने खेत में जानवरों के प्रवेश को रोकने के लिए मेड़ पर जीआई तार और नायलॉन रस्सी से घेराबंदी करने गई थी. उनके साथ उनका बड़ा बेटा विवेक सिंगरौल (23 वर्ष) और छोटा बेटा सत्यव्रत सिंगरौल (14 वर्ष) भी मौजूद था. खेत में काम के दौरान अचानक तीनों करंट की चपेट में आ गए. करंट इतना तेज था कि उन्हें संभलने या बचने का मौका तक नहीं मिला और तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.

बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह (ETV BHARAT)

परिजनों को शाम में मिली जानकारी

महिला का पति सीताराम सिंगरौल, जो पेशे से चालक हैं, काम पर गए हुए थे. शाम को घर लौटने पर पत्नी और दोनों बेटे घर पर नहीं मिले. पहले उन्होंने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन जब कहीं पता नहीं चला तो खेत की ओर पहुंचे. वहां पहुंचते ही उनके होश उड़ गए. खेत में पत्नी और दोनों बेटों के शव पड़े थे. यह दृश्य देखकर वे बदहवास हो गए और तत्काल कोटा थाना पुलिस को सूचना दी.

पुलिस ने तफ्तीश शुरू की

सूचना मिलते ही कोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. देर शाम होने के कारण शवों का पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका. जिसे आज शनिवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.

प्रारंभिक जांच में मौत का कारण करंट लगना माना जा रहा है, लेकिन खेत में करंट कैसे आया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. संभावना जताई जा रही है कि किसी विद्युत तार के संपर्क में आने या अन्य तकनीकी कारण से जीआई तार में करंट प्रवाहित हुआ होगा. हालांकि इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी. पुलिस और संबंधित विभाग घटना के हर पहलू की जांच कर रहे हैं- रजनेश सिंह, एसएसपी, बिलासपुर

खेत में करंट कैसे पहुंचा. यह जांच का विषय है. पुलिस का दावा है कि वह हर पहलू से जांच कर रही है. दूसरी तरफ एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असामयिक मौत से ग्राम भाड़म में मातम पसरा हुआ है.

बिजली का स्विच दबाते ही गई जान, पल भर में हंसता खेलता परिवार हुआ तबाह

छत्तीसगढ़ में सोलर पैनल लगा रहे दो मजदूरों की मौत

जनमन योजना की सड़कें 3 महीने में ही उखड़ी! कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने दिया जांच का आदेश