ETV Bharat / state

बिजली कर्मचारी की ट्रांसमिशन टावर पर लटकी मिली लाश

जिस व्यक्ति का शव फंदे पर लटका मिला है वह बिजली विभाग में नियमित कर्मचारी था. बालोद पुलिस मामले की जांच कर रही है.

BALOD SUICIDE
बालोद (ETV Bharat Chhattisgarh)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : June 18, 2026 at 10:16 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बालोद: गुरूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बोहारडीह में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बिजली विभाग के एक नियमित कर्मचारी का शव हाईटेंशन बिजली टावर पर फंदे से लटका हुआ मिला.

मृतक की पहचान 40 वर्षीय देवेंद्र साहू के रूप में की गई है.घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. देवेंद्र साहू बिजली विभाग में नियमित तौर पर कार्यरत था. कोरबा-राजहरा मुख्य मार्ग पर स्थित एक विशाल बिजली टावर पर फांसी पर लटकती लाश मिली. सुबह जब ग्रामीणों ने टावर पर शव लटका देखा, तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दी.

सरपंच ने दी जानकारी

ग्राम बोहारडीह के सरपंच राजेंद्र साहू ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे. तत्काल गुरूर थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही गुरूर थाना पुलिस की टीम दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची. हाईटेंशन टावर पर शव होने के कारण पुलिस को उसे नीचे उतारने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. प्रारंभिक जांच और पूछताछ में आत्महत्या की मुख्य वजह पारिवारिक या घरेलू विवाद होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी पुलिस द्वारा नहीं की गई है.

जांच में जुटी पुलिस

बालोद पुलिस में एएसआई कुलेश्वर यादव ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को अपने कब्जे में ले लिया है. पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि पुलिस घरेलू विवाद सहित अन्य सभी संभावित पहलुओं पर बारीक जांच कर रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पूरी तरह से खुलासा हो सकेगा.फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी हुई है.

सूरजपुर में एसईसीएल की बंद पड़ी खदान में मिली लाश
पत्नी रूठ कर गई माइके, वापस आने से किया इंकार तो पति ने दो बच्चों के साथ दी जान
रेत कारोबार के विवाद में भाजपा नेता की जिंदा जलाकर हत्या, मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर पहुंचा तीन