ETV Bharat / state

बिजली विभाग की गाड़ी कर्मचारियों सहित नाले में बही, बलौदा बाजार के खोरसी नाले की घटना

हादसे के वक्त गाड़ी में कुल 4 कर्मचारी सवार थे. 3 ने तैरकर अपनी जान बचाई जबकि चौथे की तलाश जारी है.

electricity department vehicle swept in water
बिजली विभाग की गाड़ी कर्मचारियों सहित नाले में बही (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : July 7, 2026 at 7:09 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बलौदा बाजार: लगातार हो रही बारिश से जिले के सभी नदी नाले उफान पर हैं. मंगलवार को उफनते खोरसी नाले में बिजली विभाग की गाड़ी बह गई. जिस वक्त गाड़ी नाले में बही उस वक्त गाड़ी में चार कर्मचारी मौजूद रहे. लोगों ने बताया कि देर रात बिजली सुधारने का काम करने के लिए टीम निकली थी. तभी उनकी गाड़ी खोरसी नाले के तेज बहाव में फंस गई. जबतक गाड़ी में बैठे बिजली विभाग के कर्मचारी कुछ समझ पाते, तबतक गाड़ी तेज बहाव में पलट गई. तीन कर्मचारियों ने किसी तरह से तैरकर अपनी जान बचाई, जबकि एक कर्मचारी लापता है. लापता कर्मचारी की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है.


खोरसी नाले में बही बिजली विभाग की गाड़ी

जानकारी के अनुसार, देर रात गांव में बिजली बंद होने की सूचना मिलने पर विद्युत मंडल बलौदा बाजार की टीम पिकअप वाहन से विद्युत व्यवस्था सुधारने के लिए रवाना हुई. बारिश के कारण खोरसी नाले में पानी का बहाव काफी तेज था. बताया जा रहा है कि पुल पार करते समय तेज बहाव के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पूरी पिकअप देखते ही देखते पानी में बह गई.

बिजली विभाग की गाड़ी कर्मचारियों सहित नाले में बही (ETV Bharat)


3 कर्मचारियों ने तैरकर बचाई जान

हादसे के दौरान वाहन में कुल 4 लोग सवार थे, इनमें से तीन कर्मचारियों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि 1 कर्मचारी तेज बहाव में लापता हो गया, उसकी तलाश लगातार जारी है, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वाहन पुल से लगभग 800 मीटर दूर तक बह गया. घटना की सूचना मिलते ही नगर सेना की टीम, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे. संयुक्त टीम द्वारा लापता कर्मचारी और बही हुई पिकअप की तलाश की जा रही है. तेज बहाव और अंधेरे के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. इसके बावजूद रेस्क्यू टीम लगातार खोज अभियान चला रही है.

electricity department vehicle swept in water
गाड़ी कर्मचारियों सहित नाले में बही (ETV Bharat)



प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची

हादसे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई. पूरे घटनाक्रम की निगरानी की जा रही है. सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र को नियंत्रित किया गया है. घटना की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा भी घटनास्थल पहुंचे और अधिकारियों से रेस्क्यू अभियान की जानकारी ली. उन्होंने लापता कर्मचारी की शीघ्र तलाश और सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है.

electricity department vehicle swept in water
गाड़ी कर्मचारियों सहित नाले में बही (ETV Bharat)



विद्युत विभाग का बयान

विद्युत मंडल बलौदा बाजार के अधिकारी आदित्य ठाकुर ने बताया कि गांव में बिजली आपूर्ति बाधित होने की सूचना मिलने पर टीम मौके के लिए रवाना हुई थी. रास्ते में खोरसी नाले पर तेज बहाव के कारण यह हादसा हो गया. विभाग प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहा है. फिलहाल पूरे जिले की नजर रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई है. लापता कर्मचारी की तलाश जारी है और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नालों और पुलों को पार करने से बचें.

बलौदा बाजार में महिला टीचर ने दी जान, साथी शिक्षक ने शादी का झांसा देकर किया गलत काम, आरोपी अरेस्ट

मनरेगा में फर्जी अटेंडेंस और DMF सड़क में घोटाले का आरोप, बलौदा बाजार कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन

बलौदा बाजार में आकाशीय बिजली गिरने से 10 मवेशियों की मौत