ETV Bharat / state

बिहार में बढ़ती भीषण गर्मी के बीच ट्रांसफार्मरों को ठंडा रखने में जुटे कर्मी, बिजली लोड बढ़ने से बढ़ीं तकनीकी मुश्किलें

भोजपुर में भीषण गर्मी के कारण बढ़े लोड से हीट हुए ट्रांसफार्मर, निर्बाध सप्लाई के लिए विद्युत कर्मचारी पानी छिड़कने में जुटे है. पढ़ें खबर

BHOJPUR ELECTRICITY LOAD INCREASES
ट्रांसफार्मरों को ठंडा करते विद्युत कर्मी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : May 28, 2026 at 7:00 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

भोजपुर: बिहार के भोजपुर में इन दिनों भीषण गर्मी और तेज लू ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है. सुबह होते ही चिलचिलाती धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं. ऐसे हालात में लोगों के लिए राहत का सबसे बड़ा सहारा बिजली बन गई है. घरों में एसी, कूलर और पंखों के सहारे लोग गर्मी से बचने की कोशिश कर रहे हैं.

बढ़ा बिजली लोड: ऐसे में बिजली की खपत बढ़ गई है. लगातार बढ़ते बिजली लोड का असर अब पावर स्टेशन और ट्रांसफार्मरों पर भी साफ दिखाई देने लगा है. अत्यधिक गर्मी और लगातार बढ़ रहे बिजली उपभोग के कारण ट्रांसफार्मर गर्म होकर जवाब देने लगे हैं.

देखें रिपोर्ट (ETV Bharat)

कर्मियों की मेहनत: बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए बिजली विभाग के कर्मी दिन-रात मेहनत में जुटे हुए हैं. पावर स्टेशनों पर कर्मियों द्वारा ट्रांसफार्मरों पर थोड़ी-थोड़ी देर में ठंडा पानी डाला जा रहा है. यह पानी इसलिए डाला जा रहा है ताकि उनका तापमान नियंत्रित रखा जा सके और बिजली आपूर्ति सुचारु बनी रहे.

मौसम की मार: भीषण गर्मी के बीच बिजलीकर्मियों की यह मेहनत लोगों को राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. विभागीय कर्मियों का कहना है कि तापमान बढ़ने के साथ बिजली की खपत में भी लगातार इजाफा हुआ है, जिससे उपकरणों पर दबाव बढ़ गया है. इसके बावजूद कोशिश की जा रही है कि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिलती रहे.

बड़ी चुनौती: गौरतलब है कि मौसम विभाग द्वारा आने वाले दिनों में और अधिक गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है. ऐसे में बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना विभाग के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है.

BHOJPUR ELECTRICITY LOAD INCREASES
पावर स्टेशन पर बढ़ा दबाव (ETV Bharat)

भारी खपत: कनीय अभियंता प्रभात कुमार ने बताया कि, "विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में 12 से 13 मेगावाट बिजली की खपत हो रही है." उनके अनुसार आने वाले दिनों में यह खपत बढ़कर 15 से 16 मेगावाट तक पहुंच जायेगी.

वोल्टेज अप-डाउन: अचानक बढ़ी मांग के कारण तकनीकी समस्याएं भी बढ़ गई हैं. फ्यूज उड़ना, जंफर कटना और हाईटेंशन लाइन में खराबी आना अब आम बात हो गई है. हालात ऐसे हैं कि 24 घंटे में करीब एक दर्जन बार ट्रिपिंग और वोल्टेज अप-डाउन की समस्या हो रही है. इस संबंध में विद्युत उपकेंद्र कोइलवर के कनीय अभियंता प्रभात कुमार ने बताया कि, "गर्मी बढ़ने के साथ बिजली की खपत में भी तेजी आई है."

"अधिक लोड के कारण जंफर कटने और ट्रांसफार्मर के हाईटेंशन हिस्से के हीट होकर खराब होने की समस्या सामने आ रही है." उपभोक्ताओं से अपील है कि आवश्यकता के अनुसार ही बिजली उपयोग करें." - प्रभात कुमार, कनीय अभियंता

इसे भी पढ़ें-

देश में मौसम की डबल मार…कहीं 48 डिग्री की आग, कहीं तूफान-बारिश का खतरा

बिहार में भीषण गर्मी और लू का कहर, वैशाली में कक्षा 8 तक सभी स्कूल 7 दिन बंद