भाजपा नेता को बिजली चोरी करना पड़ा महंगा, विभाग ने रंगे हाथों पकड़ ठोका इतना जुर्माना
बीजेपी नेता को घर में बिजली चोरी करते पकड़ा गया. विभाग ने बिजली चोरी के आरोप में भारी जुर्माना लगाया है

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 8, 2026 at 9:55 AM IST
|Updated : February 8, 2026 at 11:10 AM IST
मंडी/सरकाघाट: जिला मंडी के सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र में बिजली चोरी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी से जुड़े एक स्थानीय नेता को बिजली विभाग की फ्लाइंग स्क्वॉड टीम ने रंगे हाथों पकड़ा है. विभागीय जांच में बिजली चोरी के साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी पर करीब एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जिसे मौके पर ही डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से विभाग को जमा करवा दिया गया.
जानकारी के अनुसार, सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र की कस्मेला पंचायत से भाजपा नेता वर्तमान में पार्टी की जिला कमेटी में एक बड़े पद पर हैं, बीते लगभग एक वर्ष से अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे. इसे विभाग ने बिजली चोरी माना है. बिजली विभाग को लंबे समय से उनके परिसर में लगे मीटर की खपत को लेकर संदेह था, क्योंकि खपत का ग्राफ लगातार असामान्य रूप से कम दर्ज हो रहा था, जबकि 125 यूनिट मुफ्त बिजली सुविधा के बावजूद मीटर रीडिंग शून्य के आसपास बनी हुई थी. इसी आधार पर बिजली विभाग की फ्लाइंग स्क्वॉड टीम ने सहायक अभियंता और एसडीओ की मौजूदगी में अचानक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मुख्य सर्विस पीवीसी वायर को पंचर कर मीटर को बायपास किया गया था और सीधे अवैध कनेक्शन के माध्यम से बिजली का उपयोग किया जा रहा था. जांच के दौरान बिजली चोरी से संबंधित सभी साक्ष्य एकत्र किए गए और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी करवाई गई, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न उत्पन्न हो.
बिजली चोरी का केस दर्ज
बिजली विभाग के अनुसार, आरोपी लगभग एक वर्ष से बिजली चोरी कर रहा था, जिसके चलते विभाग को आर्थिक नुकसान हुआ. नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए विभाग ने बिजली चोरी का केस दर्ज किया और लगभग एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया. आरोपी ने मौके पर ही अपनी गलती स्वीकार करते हुए डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से जुर्माने की राशि जमा करवा दी.
इसको लेकर बिजली विभाग के एसडीओ राजीव शुक्ला ने अनुसार बिजली चोरी एक गंभीर अपराध है और विभाग ऐसे मामलों पर लगातार नजर रखे हुए है. दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को, चाहे वह किसी भी पद या राजनीतिक दल से जुड़ा हो, बख्शा नहीं जाएगा. वहीं, अधिशासी अभियंता इंजीनियर राजकुमार गुप्ता, से जब बातचीत कि गई तो उन्होंने कहा कि 'बिजली चोरी करने के मामले में 99 हजार 977 रूपये जुर्माना वसूला है. आम जनता से अपील है कि वो अवैध कनेक्शन या बिजली चोरी से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना विभाग को दें, ताकि बिजली व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाया जा सके.'
ये भी पढ़ें: कब मिलेगी पेंशन? नाराज HRTC पेंशनर्स ने दी विधानसभा घेराव की चेतावनी

