रांची नगर निगम चुनाव: मतदान व मतगणना की तैयारी पूरी, 21 फरवरी की शाम थमेगा प्रचार-प्रसार
रांची नगर निगम चुनाव को लेकर निर्वाचन पदाधिकारियों की तरफ से तैयारी पूरी कर ली गई है.

Published : February 20, 2026 at 3:56 PM IST
रांची: नगर निगम चुनाव को लेकर राजधानी का सियासी पारा लगातार चढ़ा हुआ है. एक तरफ जहां महापौर और पार्षद प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में जोर-शोर से प्रचार अभियान चला रहे हैं, वहीं दूसरी ओर चुनाव प्रक्रिया का काउंटडाउन भी शुरू हो चुका है. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 फरवरी को चुनाव प्रचार पूरी तरह समाप्त हो जाएगा. इसके साथ ही प्रशासनिक गतिविधियां और तेज हो जाएगी.
21-22 फरवरी को राजधानी रांची के फुटबॉल स्टेडियम स्थित डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियों को संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा. जिला प्रशासन ने इसके लिए व्यापक तैयारी कर ली है. मतदान कर्मियों को आवश्यक सामग्री, ईवीएम, सुरक्षा व्यवस्था और परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की रूपरेखा अंतिम रूप में तैयार कर ली गई है.
पर्याप्त संख्या में उपलब्ध है वाहन: परिवहन पदाधिकारी
मोरहाबादी मैदान स्थित वाहन कोषांग में चुनाव कार्य के लिए वाहनों को अधिग्रहित (जब्त) कर लिया गया है. जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार ने बताया कि मतदान दलों के आवागमन और ईवीएम की सुरक्षित ढुलाई के लिए पर्याप्त संख्या में वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. सभी वाहनों की सूची तैयार कर ली गई है. साथ ही संबंधित सेक्टर के अनुसार आवंटित किया जा रहा है, ताकि मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने जानकारी दी कि रांची नगर निगम क्षेत्र के 53 वार्डों में कुल 909 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. इनमें 254 बूथ सामान्य श्रेणी में, 507 बूथ संवेदनशील और 128 बूथ अति संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं. संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी. रांची नग निगम में लगभग 4000 पुलिसकर्मियों को चुनाव ड्यूटी में लगाया जाएगा, ताकि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके.

पहले बुंडू फिर रांची की होगी परिणाम घोषित
जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. प्रत्येक बूथ पर पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ गश्ती दल भी सक्रिय रहेंगे. संवेदनशील इलाकों में मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है. इसके अलावा सीसीटीवी निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) भी तैयार रखे गए हैं. मतदान के बाद 27 फरवरी को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सुकुरहट्टू में मतगणना की जाएगी. जिला प्रशासन ने मतगणना स्थल पर भी सुरक्षा और व्यवस्थाओं की तैयारी पूरी कर ली है. सबसे पहले बुंडू नगर परिषद के परिणामों की घोषणा की जाएगी, उसके बाद रांची नगर निगम के वार्डवार परिणाम जारी किए जाएंगे.
चुनाव को लेकर जहां प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने में जुटे हैं, वहीं प्रशासन निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है. 53 वार्डों और 909 बूथों में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान की प्रक्रिया संपन्न होगी. अब सबकी निगाहें मतदान दिवस और उसके बाद आने वाले नतीजों पर टिकी हैं, जो राजधानी की राजनीतिक दिशा तय होगी.
ये भी पढ़ें: नगर निगम चुनाव का असर: 17 मार्च से शुरू होगी पीजी सेमेस्टर-2 की परीक्षा, रांची विश्वविद्यालय ने बदला कार्यक्रम
चास नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज, कांग्रेस और भाजपा में वार-पलटवार

