झारखंड में एसआईआर की तैयारी: दूसरे राज्य के वोटर लिस्ट में है नाम तो ना हों चिंतित, चुनाव आयोग से करें संपर्क
झारखंड में एसआईआर की तैयारी अब अंतिम चरण में है.

Published : December 12, 2025 at 7:29 PM IST
रांचीः झारखंड में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण को लेकर चुनाव आयोग की तैयारी अंतिम चरण में है. इस दौरान वैसे लोगों की चिंता बढ़ी हुई है जो 2003 के मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण के समय दूसरे राज्य के वोटर थे और बाद में वे झारखंड के वोटर हो गए ऐसे में इनका क्या होगा.
इन सारी समस्याओं को सुलझाने के लिए आज शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के सभी उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ बैठक की. इस मौके पर उन्होंने कहा कि अन्य राज्य के वैसे मतदाता जिनका विगत मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण में झारखंड के मतदाता सूची में नाम नहीं था, वे अपना नाम संबंधित राज्य के विगत गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची से ढूंढकर अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं.
मतदाता विगत गहन पुनरीक्षण में अपना अथवा अपने परिजनों के नाम ढूंढने के लिए 1950 पर कॉल कर सहायता प्राप्त कर सकते है. उन्होंने कहा कि विगत गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के ऑफिसियल वेबसाइट पर सर्चेबल फॉर्मेट में उपलब्ध है.

शुक्रवार को निर्वाचन सदन से ऑनलाइन माध्यम से सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी के साथ बैठक करते हुए के. रवि कुमार ने कहा कि राज्य में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के पूर्व तैयारियों के क्रम में मतदाताओं का विगत गहन पुनरीक्षण के मतदाता सूची से वर्तमान मतदाता सूची की मैपिंग बीएलओ ऐप में की जा रही है. इस दौरान अन्य राज्य से आए मतदाताओं की मैपिंग मैनुअल रजिस्टर मेंटेन कर करें जिससे मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं को आसानी हो सके.
गहन पुनरीक्षण में एक भी योग्य मतदाता ना छूटे- सीईओ
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बैठक में सभी उप निर्वाचन पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि गहन पुनरीक्षण के दौरान एक भी योग्य मतदाता छूटे नहीं इस बात को ध्यान में रखकर कार्य करना है. उन्होंने कहा कि पैरेंटल मैपिंग एवं एएसडी सूची बनाते समय भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बताए गए नियमों का अक्षरशः पालन करें. भारत निर्वाचन आयोग द्वारा हर स्तर पर कार्यों के निरीक्षण की प्रक्रिया बनाई गई है, पदाधिकारी इसका अनुपालन करते हुए कार्य करें.
इस मौके पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने पीपीटी के माध्यम से पदाधिकारियों को पिछले एसआईआर से वर्तमान मतदाता सूची के मैपिंग में विभिन्न स्तर पर निरीक्षण के प्रमुख बिंदुओं के बारे में विस्तृत रूप से प्रशिक्षण भी दिया. इस अवसर पर संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर आदि पदाधिकारी मौजूद रहे.
इसे भी पढे़ं- झारखंड में 'SIR' की तैयारी शुरू, 2003 की मतदाता सूची से वर्तमान वोटर्स की होगी 'पैतृक मैपिंग', बीएलओ की बढ़ी जिम्मेदारी
इसे भी पढ़ें- झामुमो का चुनाव आयोग से सवाल, 12 राज्यों में होना है एसआईआर तो कैसे छूट गया असम
इसे भी पढ़ें- झारखंड में दूसरे चरण में नहीं होना है SIR, फिर भी इंडिया ब्लॉक के दल हैं तैयार! जानें, क्यों

