मोबाइल पर बात करते हुए स्कूटी सवार ने बुजुर्ग महिला को मारी टक्कर, हालत गंभीर
हादसे के बाद से बुजुर्ग महिला को कराया गया अस्पताल भर्ती, हालत गंभीर

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 8, 2026 at 9:01 AM IST
मेरठ: गंगानगर थाना क्षेत्र के पॉश इलाके न्यू मीनाक्षी पुरम में सड़क पर टहल रही एक बुजुर्ग महिला को तेज रफ्तार स्कूटी सवार युवक ने इतनी जोरदार टक्कर मार दी, जिससे हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरी. हादसे के बाद से बुजुर्ग महिला अस्पताल भर्ती कराया गया है. जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. परिजनों का आरोप है कि 24 घंटे बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है.
बुजुर्ग महिला के दामाद आकाश के अनुसार, आरोपी युवक स्कूटी चलाते समय पूरी तरह मोबाइल फोन पर बात करने में मशगूल था. उसका ध्यान सड़क पर नहीं था और स्कूटी की गति काफी तेज थी. इसी दौरान सड़क पार कर रहीं बुजुर्ग महिला को उसने सीधे टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला के सिर और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गईं.
इंसानियत को शर्मसार करते हुए, आरोपी युवक महिला को तड़पता छोड़ स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गया.घायल महिला को आनन-फानन में स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से गंगानगर स्थित दिव्य ज्योति हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया.
डॉक्टरों के मुताबिक, महिला की उम्र अधिक होने और सिर में गंभीर चोट (हेड इंजरी) आने के कारण स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है. उन्हें सघन चिकित्सा कक्ष में डॉक्टरों की विशेष निगरानी में रखा गया है. अस्पताल के बाहर रोते-बिलखते पीड़ित परिवार ने गंगानगर थाना पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं.
परिजनों का कहना है कि हादसे को बीते 24 घंटे से अधिक का समय हो चुका है. हमने तहरीर (शिकायत) भी दे दी है और पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंप दिया है, जिसमें आरोपी का चेहरा और स्कूटी साफ दिख रही है. इसके बावजूद पुलिस ने अब तक एफआईआर (FIR) दर्ज नहीं की है और न ही आरोपी को पकड़ने का कोई प्रयास किया है.
मामले और परिवार के आरोपों पर जब गंगानगर थाना प्रभारी विनय सिंह से बात की गई, तो उन्होंने पुलिस का पक्ष रखते हुए कहा कि घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और पुलिस पीड़ित परिवार के साथ है. परिजनों की तरफ से तहरीर मिल चुकी है. केस दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है.
पुलिस की एक टीम को सीसीटीवी फुटेज की जांच और आरोपी स्कूटी सवार की शिनाख्त के लिए लगाया गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि स्कूटी का नंबर पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पा रहा था, जिसके चलते आसपास के अन्य कैमरों को भी खंगाला जा रहा है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस कार्रवाई में किसी भी प्रकार की ढील नहीं बरती जा रही है.
सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों में मोबाइल चलाकर वाहन दौड़ाने वाले हुड़दंगियों के खिलाफ काफी गुस्सा है. अब देखना यह होगा कि इस पुख्ता डिजिटल सबूत के सामने आने के बाद गंगानगर पुलिस आरोपी तक कितनी जल्दी पहुंचती है और पीड़ित परिवार को न्याय दिला पाती है.
यह भी पढ़ें: मेरठ के युवक उत्तराखंड में हुए हादसे के शिकार, खाई में गिरी कार, दो की मौत
यह भी पढ़ें: मेरठ में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार की मौत

