ETV Bharat / state

पानीपत में CT स्कैन के दौरान बुजुर्ग महिला से छेड़छाड़! रोहतक PGI में इलाज के दौरान मौत, आरोपी पर FIR दर्ज

पानीपत में 57 वर्षीय महिला मरीज के साथ CT स्कैन के दौरान कथित छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है.

ELDERLY WOMAN MOLESTED AT PANIPAT
ELDERLY WOMAN MOLESTED AT PANIPAT (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : August 18, 2026 at 1:56 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पानीपत: सिविल अस्पताल पानीपत में 57 वर्षीय महिला मरीज के साथ CT स्कैन के दौरान कथित छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है. महिला के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने CT स्कैन ऑपरेटर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. महिला की हालत गंभीर होने पर उसे PGI रोहतक रेफर किया गया था. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस अब पोस्टमार्टम और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी. अस्पताल प्रशासन ने संबंधित कंपनी को नोटिस जारी करने के साथ आरोपी कर्मचारी को नौकरी से टर्मिनेट किए जाने की जानकारी दी है.

डॉक्टर की सलाह पर CT स्कैन कराने पहुंची थी महिला: परिजनों के अनुसार सोमवार(17 अगस्त) को महिला की तबीयत खराब होने पर उसे सिविल अस्पताल लाया गया था. डॉक्टर ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एक्स-रे और CT स्कैन कराने की सलाह दी. परिजन महिला को CT स्कैन सेंटर लेकर पहुंचे. आरोप है कि वहां ऑपरेटर ने परिजनों को बाहर भेज दिया और महिला को अंदर ले गया. CT स्कैन के बाद जब महिला को बाहर लाया गया तो उसकी हालत खराब थी.

पानीपत में CT स्कैन के दौरान बुजुर्ग से छेड़छाड़! (ETV Bharat)

बाहर आने के बाद परिजनों को बताई घटना: परिजनों का कहना है कि महिला काफी घबराई हुई थी और उसने उनके साथ कथित छेड़छाड़ किए जाने की बात बताई. महिला पहले से हार्ट और टीबी सहित अन्य बीमारियों से पीड़ित थी. परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने महिला के बयान और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया.

सीएमओ बोले- CCTV फुटेज पुलिस को सौंप दी: सिविल अस्पताल के CMO डॉक्टर विजय मलिक ने बताया कि "महिला गंभीर हालत में अस्पताल आई थी और डॉक्टर की सलाह पर उसे CT स्कैन के लिए भेजा गया था. CT स्कैन सेंटर PPP मोड पर संचालित है. ऑपरेटर पर मिसबिहेव और अन्य गंभीर आरोप लगाए गए हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस को बुलाया गया और FIR दर्ज हुई. संबंधित कंपनी को नोटिस जारी किया गया है तथा आरोपी कर्मचारी को टर्मिनेट कर दिया गया है. CT स्कैन सेंटर की CCTV फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है."

SHO बोले- जांच के बाद होगी उचित कार्रवाई: सिटी थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि "महिला की शिकायत पर छेड़छाड़ के आरोप में मामला दर्ज किया गया है. महिला की हालत गंभीर होने के कारण उसे PGI रोहतक रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. महिला ने अपनी शिकायत में खुद को हार्ट और टीबी की मरीज बताया था. CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है. फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करेगी."

ये भी पढ़ें- सोनीपत में पानी को लेकर विवाद, मारपीट में बुजुर्ग महिला की मौत, सरपंच के खिलाफ मामला दर्ज

ये भी पढ़ें- जींद में 10 वर्षीय बच्चे की मौत, परिजनों ने किया हंगामा, डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप