मूसलाधार बारिश का कहर, मकान की छत में दबकर बुजुर्ग महिला की मौत
एसडीएम सिराथू राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे, पीड़ित परिवार को मदद का भरोसा दिया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 30, 2026 at 11:41 AM IST
कौशांबी: जिले से इस वक्त की बड़ी और दुखद खबर सामने आ रही है. यहां लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने एक परिवार पर कहर बरपा दिया है. देर रात एक मकान की छत अचानक भरभरा कर गिर गई. हादसे के वक्त कमरे में सो रही 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मलबे में दबकर मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सिराथू राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया.
घटना पइंसा थाना क्षेत्र के उदहीन खुर्द गांव की है. यहां उदहीन खुर्द में देर रात जब पूरा परिवार गहरी नींद में था, तभी लगातार बारिश के चलते सीलन की वजह से मकान की छत अचानक भरभरा कर नीचे आ गिरी. छत ढहने से नीचे सो रही 60 वर्षीय कलुई, पत्नी जुग्गी लाल मलबे में बुरी तरह दब गईं. तेज आवाज सुनकर ग्रामीणों मौके पर पहुंचे और उन्होंने तुरंत मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं.
घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. हादसे की जानकारी मिलते ही एसडीएम सिराथू प्रमेश श्रीवास्तव राजस्व टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर पूरे मामले की जानकारी ली और ढांढस बंधाया.
एसडीएम ने पीड़ित परिवार को दैवीय आपदा राहत कोष से हरसंभव सरकारी आर्थिक सहायता राशि जल्द से जल्द दिलाने का भरोसा दिया है. वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
एसडीएम सिराथू ने प्रमेश श्रीवास्तव बताया कि उद्दीन खुर्द गांव में छत गिरने से महिला की मौत हो गई है. मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली है. पीड़ित परिवार को दैवीय आपदा राहत को से जल्द से जल्द आर्थिक मदद दिलाई जाएगी.

