नालंदा में बदमाशों ने बुजुर्ग को मारी गोली, 3 अस्पतालों ने किया रेफर, PMCH में इलाज कराते समय मौत
नालंदा में शादी समारोह से लौट रहे बुज़ुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई. रंजिश में वारदात को अंजाम दिया-


Published : June 26, 2026 at 8:08 PM IST
नालंदा : बिहार के नालंदा में एक बुज़ुर्ग की गोली मारकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है. पुरानी रंजिश को लेकर पूर्व से घात लगाए बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया. घटना तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र शिवशंकरपुर गांव की है. मृतक की पहचान चिकसौरा थाना क्षेत्र पाल बिगहा गांव निवासी 60 वर्षीय सूरत पासवान के तौर पर की गई है.
नालंदा में हत्या : घटना के संबंध में मृतक की पुत्री रिंकी कुमारी ने थाना में दर्ज शिकायत में बताई कि उनके पिता पड़ोस गांव में आयोजित बहु भोज में शामिल होकर घर लौट रहे थे, तभी गांव के ही कुछ दबंग जातिसूचक गाली-गलौज करने लगे, जिसपर बुज़ुर्ग ने विरोध किया तो उनपर दबंगों ने गोली चला दी.
पेट में मारी बदमाशों ने गोली : गोली बुज़ुर्ग के पेट में लगी और पेट को चीरते हुए पार कर गई. गोली की आवाज़ सुनकर दौड़े आसपास के लोगों ने घायल बुज़ुर्ग व्यक्ति को इलाज के लिए भर्ती कराया. बुज़ुर्ग को गोली लगने की सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे.
तीन बार तीन अस्पताल में किया गया रेफर : प्राथमिक उपचार के लिए पहले हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, बाद विम्स पावापुरी, फ़िर मॉडल अस्पताल बिहार शरीफ उसके बाद पटना PMCH में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. हालांकि घटना के पीछे का स्पष्ट कारण पता नहीं चल पाया है. जिसकी जांच चल रही है. फ़िलहाल पुलिस शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुट चुकी है, पोस्टमार्टम करा पुलिस शव परिजनों को सौप आगे की कार्रवाई में जुट चुकी है.
छापेमारी कर रही है पुलिस : घटना के संबंध में हिलसा डीएसपी 2 कुमार ऋषिराज ने बताया कि पुलिस एफ़आईआर दर्ज कर एफ़एसएल की टीम को जांच के लिए साक्ष्य संकलन कर अपने साथ ले गई और दर्ज एफ़आईआर के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में दलबल के साथ गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. जल्द ही घटना का खुलासा कर लेने का दावा कर रही है.
"FIR दर्ज करके FSL की टीम सबूत जुटाकर अपने साथ ले गई है. दर्ज की गई एफआईआर के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में दलबल के साथ छापेमारी कर रही है. जल्द ही इस घटना का खुलासा हो जाएगा."- कुमार ऋषिराज, हिलसा डीएसपी 2 नालंदा
ये भी पढ़ें-

