PNB के बाहर रिटायर्ड आर्मी ऑफिसर से 1 लाख रुपये छीनकर भागे बदमाश, बैंक के CCTV बंद मिले
Elderly man robbed in Rewari: रेवाड़ी में बुजुर्ग से एक लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है. पीड़ित आर्मी से रिटायर्ड अधिकारी हैं.

Published : January 9, 2026 at 2:43 PM IST
रेवाड़ी: पंजाब नेशनल बैंक की शाखा के बाहर आर्मी से सेवानिवृत नायक से 1 लाख रुपये छीनने का मामला सामने आया है. सर्कुलर रोड पर दो बदमाश बुजुर्ग से दिन दहाड़े रुपये छीन कर भाग गए.
रेवाड़ी में बुजुर्ग से लूट: बुजुर्ग ने बताया "दोनों बदमाश रास्ता पूछने के बहाने पास आए और फिर लॉटरी का झांसा देकर बातों में उलझाया. मौके देखते ही वो पैसे छीन कर फरार हो गए." इसकी शिकायत बुजुर्ग ने पुलिस को दी. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने नाकाबंदी भी की, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आए. गोकुल गेट चौकी पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
बैंक के बाहर वारदात: रेवाड़ी के जाडरा गांव के रहने वाले सज्जन सिंह (60 साल) आर्मी में नायक पद से सेवानिवृत्त हैं. वो अपनी पत्नी की आंखों के ऑपरेशन के लिए शहर आए थे. पहले वो रेलवे चौक के पास पीएनबी की शाखा में पैसे निकाले गए. एक लाख रुपये खाते से निकालकर जैसे ही वो बैंक से बाहर आए, तो बाइक सवार एक युवक उनके पास आया और नारनौल जाने का रास्ता पूछा. सज्जन सिंह ने उसको रास्ता बता दिया. जिसके बाद एक और युवक बाइक लेकर आया. दोनों युवक बुजुर्ग के पास खड़े हो गए.
बंद मिले बैंक के सीसीटीवी: एक युवक ने पर्स से पर्ची निकालकर लॉटरी निकालनी शुरू कर दी. ऐसे सज्जन सिंह को झांसा देकर दोनों युवक उनसे एक लाख रुपये लेकर फरार हो गए. सज्जन सिंह ने इसकी सूचना तुरंत डायल 112 पर दी. सूचना के बाद गोकल गेट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए. सज्जन सिंह ने बताया कि बैंक के सीसीटीवी चालू ही नहीं मिले. गोकल गेट चौकी इंचार्ज ने बताया कि "पीड़ित बुजुर्ग की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है. आसपास लगे सीसीटीवी को खंगाल रहे हैं. बैंक में सीसीटीवी कैमरे खराब मिले. जल्दी इस मामले में आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा."
ये भी पढ़ें- भिवानी में 3 करोड़ 27 लाख रुपये की ठगी मामला, 8वां आरोपी गिरफ्तार

