ETV Bharat / state

कैंसर के इलाज के नाम पर बुजुर्ग से 2 करोड़ की ठगी, हैदराबाद का आरोपी गिरफ्तार, चार दिन की पुलिस रिमांड

हरियाणा में कैंसर के नाम पर दो करोड़ की ठगी. हैरदाबाद के शख्स ने नोपाली महिला के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम.

Elderly man defrauded in Gurugram
Elderly man defrauded in Gurugram (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : December 31, 2025 at 9:10 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

गुरुग्राम: कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है. नेपाली मूल की महिला और उसके साथी ने एक सीनियर सिटीजन को भरोसे के जाल में फंसाकर करीब 2 करोड़ 21 लाख रुपये ठग लिए. पैसे लौटाने के नाम पर फर्जी बैंक ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट भेज दिए. गुरुग्राम पुलिस ने इस पूरे मामले का पर्दाफाश करते हुए हैदराबाद के रहने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है.

गुरुग्राम में बुजुर्ग से दो करोड़ से ज्यादा की ठगी: गुरुग्राम पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा-I ने इस हाई-प्रोफाइल ठगी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए हैदराबाद से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने अपनी महिला मित्र के साथ मिलकर बुजुर्ग को मानसिक रूप से ब्लैकमेल कर मोटी रकम ऐंठी.

कैसे रचा गया ठगी का जाल? गुरुग्राम पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार, नेपाली मूल की महिला यांगजी शेरपा उर्फ यामा ने अपनी बहन के कैंसर इलाज का हवाला देकर मई 2024 से अप्रैल 2025 के बीच शिकायतकर्ता से लगातार पैसे लिए. भरोसा बनाए रखने के लिए कभी पैसे लौटाने का झांसा दिया गया, तो कभी फर्जी ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट भेजे गए. जब शिकायतकर्ता ने पैसे मांगने शुरू किए, तो महिला ने आत्महत्या करने तक की धमकी दे डाली.

महिला का पूरा नेटवर्क उजागर: पुलिस जांच में सामने आया कि जिस मोबाइल नंबर से महिला शिकायतकर्ता से बात करती थी, वो आरोपी अजहर अहमद के नाम पर था. पैसे जिस बैंक खाते में जमा हो रहे थे, वो महिला का था, लेकिन ठगी की रकम बाद में आरोपी ने अपने खाते में ट्रांसफर कर ली.

हैदराबाद का रहने वाला है आरोपी: गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजहर अहमद (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो हैदराबाद का रहने वाला है. पूछताछ में आरोपी ने ठगी की वारदात कबूल करते हुए बताया कि उसने महिला मित्र के साथ मिलकर सीनियर सिटीजन से करीब 2 करोड़ रुपये की ठगी की. महिला ने इलाज के नाम पर 2.18 करोड़ रुपये लिए, जिनमें से केवल 18 लाख रुपये लौटाए. वो भी विश्वास बनाए रखने के लिए.

आरोपी को चार दिन की पुलिस रिमांड: गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप ने बताया कि "गिरफ्तार आरोपी को 30 दिसंबर 2025 को जिला न्यायालय में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है. रिमांड के दौरान पुलिस ठगी की रकम की बरामदगी, अन्य सहयोगियों की पहचान और संभावित अन्य ठगी मामलों की कड़ियां खंगाली जाएगी."

ये भी पढ़ें- पुलिसकर्मी पति को महिला के साथ देख भड़की पत्नी, बाल खींचते हुए बीच सड़क की पिटाई