फर्रुखाबाद में बुजुर्ग दंपति की हत्या; घर के अंदर मृत मिले, पुलिस की तीन टीमें खुलासे में जुटीं
कमरे में बिस्तर पर पति तो मकान के आंगन में पड़ा मिला पत्नी का शव.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 26, 2026 at 7:08 PM IST
फर्रुखाबाद: जिले के कायमगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को घर के अंदर वृद्ध दंपति का शव मिलने से सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल की. पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया यह हत्या प्रतीत हो रही है. इसके खुलासे के लिए तीन टीमो का गठन किया गया है.
सभासद सचिन ने बताया कि वृद्ध पुरुषोत्तम कौशल (70) और उनकी पत्नी पुष्पा कौशल (65) निवासी मोहल्ला कूंचा गंगा दरवाजा घर के अंदर मृत अवस्था में मिले हैं. घर का सामान बिखरा पड़ा मिला है. पुरुषोत्तम कौशल का शव बेड पर जबकि पुष्पा का शव आंगन में पड़ा था. बताया जा रहा है कि सुबह पुष्पा देवी ने मकान में झाड़ू लगाया था. लगभग 1 बजे दूधिया आया तो गेट अंदर से बंद मिला. उसने बेल बजाई लेकिन, गेट नहीं खुला. अंदर झांक कर देखा तो पुष्पा आंगन में पड़ी दिखीं.
घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह पहुंचे और जांच पड़ताल की. इसके बाद क्षेत्राधिकार राजेश कुमार सिंह व कोतवाली इंचार्ज मदन मोहन चतुर्वेदी भी मौके पर पहुंचे. लोगों ने बताया कि बुजुर्ग दंपति के कोई संतान नहीं थी. उन्होंने एक बच्ची को गोद लिया था, जिसकी करीब 8 महीने पहले एटा के थाना अलीगंज क्षेत्र में शादी हुई थी. दंपति घर में अकेले रहते थे. उनका स्वास्थ्य भी ठीक नहीं रहता था.
वहीं, बाद में एसपी आरती सिंह ने भी पहुंचकर हालात का जायजा लिया. बताया कि बुजुर्ग दंपति अपने ही मकान में मृत अवस्था में पाए गए हैं. सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने गहनता से जांच पड़ताल की है. प्रथम दृशय मर्डर लग रहा है. घटना किसने और किस कारण की गई है? यह जानने के लिए पुलिस की तीन टीमें में लगा दी गई हैं. एसओजी, सर्विसलांस और स्थानीय पुलिस भी जांच में लगी है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा.

