मध्य प्रदेश में जानवरों के लिए बनेगा चारा बंकर, अलनीनो के भयंकर रुप से नया संकट
मध्य प्रदेश में अलनीनो ला रहा नया संकट. राज्य सरकार का किसानों को चारा बैंक बनाने का निर्देश. सिद्धार्थ माछीवाल की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : November 5, 2026 at 11:23 AM IST
|Updated : November 5, 2026 at 11:56 AM IST
इंदौर: अलनीनो के असर से मानव जीवन ही नहीं, बल्कि भविष्य में पशुओं की आजीविका पर भी संकट गहरा सकता है. यही वजह है कि राज्य सरकार ने किसानों को चारा बैंक तैयार करने के निर्देश दिए हैं. अलनीनो एक जलवायु संबंधी घटना है, जिसके प्रभाव से मानसून की स्थिति प्रभावित होने के अलावा सूखे एवं अत्यधिक गर्मी की परिस्थितियां निर्मित होने की आशंका है. ऐसी परिस्थितियों में पशुओं के लिए हरे चारे की उपलब्धता में कमी की आशंका है.
संयुक्त पशुपालन संचालक एवं डेयरी इंदौर संभाग डॉ. मनीष इंगोले ने बताया, "हरे चारे की उपलब्धता के लिए संभाग के पशुपालकों को साइलेज तैयार कर चारे के सुरक्षित भंडारण के निर्देश दिए गए हैं. दुधारू पशुओं से प्राप्त होने वाले दुग्ध उत्पादन एवं पशुपालन की आर्थिक स्थिति प्रभावित नहीं हो, इस संभावित चुनौती से निपटने के लिए राज्य सरकार और कृषि विभाग ने किसानों को चारे के भंडारण के लिए साइलेज निर्माण करने के निर्देश दिए हैं."

जानिए क्या है साइलेज
साइलेज हरे चारे को वायु रहित अवस्था में किण्वन प्रक्रिया द्वारा संरक्षित करने की विधि है. अच्छी गुणवत्ता का साइलेज बनाने के लिए मक्का, ज्वार, बाजरा, जई एवं अन्य उपयुक्त चारा फसलों का चयन किया जाता है. फसल को उचित अवस्था में काटकर छोटे-छोटे टुकड़ों में तैयार किया जाता है. इसके बाद साइलेज बंकर, गड्ढे अथवा विशेष प्लास्टिक बैग में परत-दर-परत भरकर अच्छी तरह दबाया जाता है, जिससे अंदर की हवा पूरी तरह निकल जाए.
साइलेज को उपयोग करने का सही तरीका
आवश्यकता अनुसार गुड़, नमक एवं उपयुक्त जैविक कल्चर मिलाकर इसे पॉलीथिन से वायुरहित तरीके से बंद कर दिया जाता है. इस प्रक्रिया में चारे में उपस्थित लाभकारी जीवाणुओं द्वारा किण्वन होता है तथा चारा सुरक्षित रहता है. साइलेज को उपयोग से पहले कम से कम 45 दिनों तक वायुरहित अवस्था में भंडारित करना आवश्यक है. उचित निर्माण एवं भंडारण की स्थिति में साइलेज लगभग दो वर्ष तक सुरक्षित रखा जा सकता है.
साइलेज निर्माण के लिए इन चीजों की आवश्यकता
साइलेज निर्माण के लिए साइलेज बंकर, एचडीपीई साइलेज बैग, प्लास्टिक शीट, ट्रैक्टर, ट्रॉली, चारा कटाई मशीन, पावर कुट्टी मशीन एवं आवश्यकतानुसार चारा हार्वेस्टर जैसे उपकरणों की आवश्यकता होती है. बड़े स्तर पर साइलेज निर्माण के लिए उपयुक्त क्षमता की कटाई एवं पैकिंग मशीनों का उपयोग किया जा सकता है. साइलेज के भंडारण के लिए कंक्रीट के स्थाई बंकर, प्लास्टिक बैग एवं पॉलीथिन कवर युक्त बेलर व्यवस्था उपयोगी है. छोटे पशुपालक 50 से 1000 किलोग्राम तक क्षमता वाले साइलेज बैग का उपयोग कर सकते हैं, जबकि बड़े स्तर पर 3 से 500 मीट्रिक टन क्षमता वाले साइलेज बंकर स्थापित किए जा सकते हैं.
- पुरी में बेसहारा पशुओं का सहारा बना श्री जगन्नाथ गो सेवा संस्थानम: चौबीसों घंटे इलाज, चारा-पानी और शेल्टर का इंतजाम
- कानूनी पचड़े में फंसीं 49 भैंसें, नगर निगम के लिए बनीं गले की हड्डी, 16 लाख का चारा कर गईं चट
संयुक्त संचालक डॉ. इंगोले ने बताया, "साइलेज निर्माण इकाई स्थापित करने के लिए केंद्र सरकार की राष्ट्रीय पशुधन मिशन (NLM) योजना के अंतर्गत उद्यमिता विकास कार्यक्रम में वित्तीय सहायता का प्रावधान है."

