ETV Bharat / state

खाटूश्यामजी का मुख्य एकादशी मेला कल, नगर भ्रमण पर निकलेंगे बाबा श्याम, 28 को मेले का समापन

गुरुवार को मेले के छठे दिन बाबा श्याम का पचरंगी फूलों से श्रृंगार किया गया.

Devotees flock to Baba Shyam's darshan
बाबा श्याम के दर्शनों को उमड़े श्रद्धालु (ETV Bharat Sikar)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 26, 2026 at 8:58 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सीकर: जिले के खाटूश्यामजी कस्बे के विश्व विख्यात खाटूधाम में चल रहे बाबा श्याम के आठ दिवसीय वार्षिक फाल्गुनी लक्खी मेले के छठे दिन आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला. बाबा श्याम का सतरंगी फूलों से मनमोहक श्रृंगार किया गया. देश के कोने-कोने से आए श्याम श्रद्धालु बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगाकर अपनी-अपनी मनोकामनाएं मांगते नजर आए. 27 फरवरी, शुक्रवार को खाटू में मुख्य एकादशी का मेला लगेगा, जिसका विशेष महत्व माना जाता है. 28 फरवरी को सूरजगढ़ का निशान अर्पित होने के साथ ही मेला औपचारिक रुप से संपन्न हो जाएगा.

नगर भ्रमण पर निकलेंगे बाबा श्याम: मेले का मुख्य आकर्षण एकादशी का मेला कल आयोजित होगा. एकादशी के अवसर पर बाबा श्याम रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगे. रथयात्रा एवं एकादशी मेले को लेकर प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रहे और श्रद्धालु सुरक्षित रूप से बाबा श्याम के दर्शन कर सकें.

खाटूधाम में आस्था का सैलाब (ETV Bharat Sikar)

पढ़ें: खाटू श्याम लक्खी मेला: डेढ़ किमी पैदल चलकर हो रहे बाबा के दर्शन, 3 दिन में भक्तों का आंकड़ा 4 लाख पार

हाथों में निशान ले नजर आ रहे पदयात्री: बाबा खाटूश्यामजी के फाल्गुनी लक्खी मेले में छठे दिन गुरुवार को श्याम बाबा का पचरंगी फूलों से श्रृंगार किया गया. खाटू नगरी में श्याममयी भजनों से गूंज रही है. कोई भक्त निशान हाथों में लिए, तो कोई पेट के बल श्याम बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंच रहे हैं. रींगस से खाटू तक निशान लेकर बढ़ रहे पदयात्रियों के जत्थे नजर आ रहे हैं. भीड़ बढ़ने के बावजूद श्रद्धालु 40 फीट ग्राउंड से प्रवेश करते हुए मंदिर पहुंच रहे हैं. खाटू नगरी पहुंचने के बाद श्याम बाबा के दर्शन में 1 घंटे से भी कम समय लग रहा है.

Devotees lined up for darshan
लाइनों में दर्शनों के लिए लगे श्रद्धालु (ETV Bharat Sikar)

पढ़ें: खाटू श्याम फाल्गुनी मेला: भीड़ को लेकर कई व्यवस्थाएं, अफवाहों और भ्रामक दावों से सावधान रहने की अपील

स्काउट गाइड की निशुल्क सेवा जारी: मेले में राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड मेला सेवा की सेवाएं जारी हैं. शिविर संचालक सीओ स्काउट बसंत कुमार लाटा ने बताया कि विभिन्न स्थानीय संघों से आए स्काउटर, गाइडर, स्काउट गाइड रोवर रेंजर दिन–रात चार पारियों में निशुल्क सेवाएं प्रदान कर रहे हैं. स्काउट गाइड सदस्यों द्वारा खोया पाया काम की व्यवस्था संभालना, श्याम कुंड में भोजन एवं नाश्ते के पैकेट पैक करना, गुमशुदा लोगों को परिजनों से मिलाना, बैरिकेटिंग में श्रद्धालुओं को पानी के पाउच वितरण करना, प्राथमिक चिकित्सा में सहयोग, श्रद्धालुओं को अस्पताल पहुंचाना, दिव्यांग वृद्धजनों को व्हीलचेयर से दर्शन में सहयोग सहित विभिन्न सेवाओं को अंजाम दिया जा रहा है. जिला प्रशासन, मेला मजिस्ट्रेट मोनिका सामोर और मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने स्काउट गाइड के कार्यों की प्रशंसा की है.