ईद मिलादुन्नबी की धूम, जैसलमेर व बूंदी में निकला भव्य जुलूस, उदयपुर में पटाखा फोड़ते समय युवक की मौत
जुलूस के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल देखने को मिली. विभिन्न समाजों के लोगों ने स्वागत किया. पुष्पवर्षा कर भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया.

Published : August 26, 2026 at 1:57 PM IST
जैसलमेर/ बूंदी/बालोतरा/ उदयपुर : जश्ने ईद मिलादुन्नबी का मुबारक पर्व सरहदी जैसलमेर में अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया. पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिन पर शहर की मस्जिदों को आकर्षक ढंग से सजाया गया. मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अपने घरों को भी सजाकर जश्न मनाया. कई दिनों की तैयारी के बाद बुधवार को भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए. ईद के मौके पर बूंदी में तीन किलोमीटर लंबा जुलूस निकाला गया. बालोतरा जिले के सिवाना कस्बे में ईद मिलादुन्नबी पर मुस्लिम युवा कमेटी ने जुलूसे ए मोहम्मदी निकाला. इस बीच उदयपुर में एक हादसा भी हो गया. यहां ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान पटाखा फोड़ते युवक की मौत हो गई.
जैसलमेर में जुलूस गडसीसर पोल के पास स्थित मुस्लिम मुसाफिरखाना से रवाना हुआ. बड़ी संख्या में लोग नए कपड़े पहनकर शामिल हुए. सजे-धजे ऊंटों और घोड़ों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं. कई लोग हाथों में तिरंगा और इस्लामी झंडे लेकर चले और पैगंबर साहब की शिक्षाओं को याद करते हुए आगे बढ़े. जुलूस मुस्लिम मुसाफिरखाना से मदरसा रोड, ढिब्बा पाड़ा, नीरज बस स्टैंड चौराहा और हनुमान चौराहा होते हुए गीता आश्रम रोड स्थित बड़ी ईदगाह पहुंचा. रास्ते भर लोगों ने उत्साह के साथ स्वागत किया. कई स्थानों पर फूलों की बारिश कर स्वागत किया गया.
पढ़ें: ईद मिलादुन्नबी पर हर्षोल्लास से निकाला जुलूस, जगह-जगह हुआ स्वागत
हिंदू संगठनों ने भी किया स्वागत: जुलूस के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल देखने को मिली. विभिन्न संगठनों और समाज के लोगों ने स्वागत किया. पुष्पवर्षा कर भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया गया. जुलूस में शामिल लोगों ने भी अभिवादन किया. शहर में प्रेम और भाईचारे का माहौल नजर आया. जुलूस के बड़ी ईदगाह पहुंचने के बाद लोगों ने गले मिलकर मुबारकबाद दी. आयोजन के दौरान उत्साह और खुशी का माहौल रहा. मस्जिदों और अन्य धार्मिक स्थलों पर विशेष आयोजन हुए.
सालेह मोहम्मद भी शामिल हुए: पूर्व कैबिनेट मंत्री और मुस्लिम धर्मगुरु सालेह मोहम्मद भी जुलूस में शामिल हुए. उन्होंने लोगों को मुबारकबाद दी और देशवासियों के लिए सुख-शांति की कामना की. कहा कि पैगंबर साहब का जीवन पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायी है. हमें उनकी शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर भाईचारा, प्रेम और सद्भाव बनाए रखना चाहिए. जुलूस ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया. हिंदू संगठनों द्वारा स्वागत से जैसलमेर की गंगा-जमुनी तहजीब की तस्वीर सामने आई. लोगों ने एक-दूसरे के त्योहारों और भावनाओं का सम्मान करते हुए मिल-जुलकर रहने का संदेश दिया.
बूंदी में निकला भव्य जुलूस: ईद पर बुधवार को बूंदी में 3 किलोमीटर लंबा भव्य जुलूस निकला. नौजवान गौसिया सर्किल सोसायटी के जुलूस का जगह-जगह स्वागत हुआ. सुबह 9 बजे मीरागेट से शुरू होकर जुलूस ब्रह्मपुरी, चौमुखा बाजार, इंद्रा मार्केट होते हुए नेहरू गार्डन पहुंचा और जलसे में बदल गया. शहर काजी इमरान काजी ने कहा कि यह अमन और मोहब्बत का पैगाम है. बूंदी के अलावा जिले के कई कस्बों में भी जुलूस निकले. 3 किलोमीटर लंबे जुलूस का पहला हिस्सा इंद्रा मार्केट में था तो आखिरी हिस्सा ब्रह्मपुरी से आगे बढ़ रहा था. सबसे आगे मौलाना नातिया कलाम पेश कर रहे थे. उनके पीछे बग्गी पर रोजा-ए-रसूल की तस्वीर मुबारक रखी गई थी. घोड़ी पर आलिमेद्दीन इस्लामी परचम थामे चल रहे थे, जबकि ऊंटों पर नौजवान सवार थे. सोसायटी के सदर अपनी टीम के साथ लोगों का अभिवादन स्वीकार करते नजर आए.

सिवाना में निकाला जुलूस निकाला: बालोतरा जिले के सिवाना कस्बे में ईद मिलादुन्नबी पर मुस्लिम युवा कमेटी ने जुलूसे ए मोहम्मदी निकाला. दोपहर में केशरशाह वली दरगाह से रवाना जुलूस सदर बाजार, बस स्टैंड, गांधी चौक होते हुए वापस दरगाह पहुंचा. फूलों से सजे वाहनों और धार्मिक नारों से माहौल खुशनुमा रहा. मिलाद शरीफ में उलेमाओं ने अमन, भाईचारे और शिक्षा का पैगाम दिया. लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी और अमन-शांति की दुआ की. मिलाद शरीफ में यूपी से आए शरफी जिलानी ने नूरानी तकरीर में कहा कि जश्ने ईद मिलादुन्नबी खुशी का दिन है. इस्लाम अमन-चैन और भाईचारे का पैगाम देता है. मौलाना मोहम्मद शरीफ अकबरी, सिवाना और मौलाना नियाज अहमद, जालोर ने भी तकरीर में समाज को हमेशा अच्छाई और सच्चाई के रास्ते पर चलने का संदेश दिया.
उदयपुर में जुलूस के दौरान पटाखा फोड़ते युवक की मौत: ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान पटाखा फोड़ते समय 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई. हादसा बुधवार को खेमपुरा चौराहे पर हुआ. मृतक की पहचान रेलवे कॉलोनी निवासी मोहम्मद सलमान (22) पुत्र मोहम्मद अनवर के रूप में हुई है. सलमान मिनी स्टील गन में आलू बम नाम का पटाखा रखकर चला रहा था. पटाखा फोड़ते समय अचानक गन के पीछे लगा ढक्कन टूटकर तेजी से उसकी गर्दन पर जा लगा. इससे गर्दन में गंभीर चोट लग गई और वह मौके पर अचेत होकर गिर गया. परिजन और समाज के लोग उसे तत्काल महाराणा भूपाल चिकित्सालय ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. मृतक के छोटे भाई सोहेल ने बताया कि सलमान टेम्पो चलाता था और पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था.

