रुकी भर्तियों पर आगे बढ़ा शिक्षा सेवा चयन आयोग; रिकॉर्ड होंगे डिजिटल, बैठक में कई फैसले
जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि आयोग अब तक विभिन्न एजेंसियों के साथ किए एमओयू की गहन समीक्षा करेगा.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 7, 2026 at 9:49 AM IST
प्रयागराज: प्रदेश में लंबे समय से रुकी शिक्षक भर्तियों को लेकर उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की बैठक में अहम फैसले लिए गए हैं. आयोग की 6 जनवरी 2026 को हुई बैठक में भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने पर सहमति बनी. आयोग ने अपने सभी अभिलेखों और पत्रावलियों को डिजिटल करने का निर्णय लिया है. इससे भर्ती से जुड़े रिकॉर्ड सुरक्षित रखने और कामकाज में तेजी लाने में मदद मिलेगी.
आयोग के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि बैठक में यह भी तय किया गया कि आयोग द्वारा कराई जाने वाली भर्तियों के हर चरण के लिए मानक संचालन प्रक्रिया यानी SOP तैयार की जाएगी. यह SOP परीक्षा नियंत्रक द्वारा आगामी बैठक में प्रस्तुत की जाएगी. SOP तय होने के बाद ही परीक्षा से जुड़ी तारीखों पर निर्णय लिया जाएगा. इससे साफ है कि फिलहाल भर्ती परीक्षा की तिथियों को लेकर आयोग कोई जल्दबाजी नहीं करेगा.
एजेंसियों का पारदर्शी चयन: जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि आयोग ने यह भी निर्णय लिया कि अब तक विभिन्न एजेंसियों के साथ किए गए एमओयू की गहन समीक्षा की जाएगी, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की तकनीकी या प्रशासनिक परेशानी न आए. परीक्षा से जुड़े कार्यों के लिए एजेंसियों का चयन अब पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया जाएगा. इसके लिए आयोग की ओर से विज्ञप्ति जारी की जाएगी.
साथ ही आयोग के सामान्य कार्यों के लिए एजेंसी का चयन समयबद्ध तरीके से करने पर भी सहमति बनी. इसके अलावा आयोग भवन की स्थिति पर भी बैठक में चर्चा हुई. कई हिस्सों में भवन क्षतिग्रस्त पाए जाने पर मरम्मत, रंगाई-पुताई और साफ-सफाई कराने का निर्णय लिया गया है.
आयोग के इन फैसलों से संकेत मिलते हैं, कि शिक्षक भर्तियों की प्रक्रिया को दोबारा पटरी पर लाने की तैयारी शुरू हो चुकी है. हालांकि अभ्यर्थियों को अभी परीक्षा तिथियों के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा. उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिरीक्षक रहे प्रशांत कुमार की अध्यक्षता में हुई दूसरी बैठक से अभ्यर्थियों को उम्मीदें थीं, पर भर्तियों की कोई डेट न आने से निराशा हुई है.
24 हजार से अधिक पदों पर होनी हैं नई भर्तियां: माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से पीजीटी, टीजीटी और प्रधानाचार्य के 24 हजार से अधिक पदों का अधियाचन तैयार है. आयोग का अधियाचन पोर्टल भी अंतिम चरण में है. इसके अलावा प्राथमिक विद्यालयों में भी लंबे समय से भर्ती नहीं हुई है.
इस तरह शिक्षा सेवा चयन आयोग के नए अध्यक्ष प्रशांत कुमार के सामने पुरानी भर्तियों को शीघ्र पूरा करने, रुकी हुई परीक्षाओं को कराने और 24 हजार से अधिक नए पदों पर पारदर्शी तरीके से भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की बड़ी जिम्मेदारी है.
यह भी पढ़ें: 'VB-G Ram G' योजना के केंद्रीय समन्वयक बने MP राजकुमार चाहर; इन राज्यों की जिम्मेदारी

