PM मोदी के संदेश का असर: मंत्री मदन दिलावर ने काफिला छोड़ बस से किया 10 घंटे का सफर, अधिकारियों के लिए यह बोले
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने बस से सफर करने का संदेश दिया है. वह जयपुर से पाली जिले के दौरे पर गए थे.

Published : May 25, 2026 at 9:59 AM IST
कोटा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईंधन बचाने का संदेश दिया है और अपना काफिला कम कर दिया है. इसी कड़ी में शिक्षा एवं पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर ने बस से सफर करने का अनोखा संदेश दिया है. वे जयपुर से पाली जिले के दौरे पर गए थे, जहां उन्होंने शनिवार को ट्रेन से यात्रा की. रविवार को पूरा दिन पाली में रहने के बाद वह रविवार रात 8 बजे पाली से बस द्वारा रवाना हुए.
दिलावर ने पहले डीलक्स बस से अजमेर तक का सफर किया. अजमेर से उन्होंने कोटा के लिए दूसरी बस पकड़ी और सोमवार सुबह 6:20 बजे कोटा पहुंच गए. इस तरह उन्होंने पाली से कोटा तक का 10 घंटे का सफर दो बसों को बदलकर पूरा किया. कोटा पहुंचने के बाद वह जिला पुलिस की गाड़ी से अपने निवास पर गए.
लोगों से चर्चा का मौका मिला: मदन दिलावर ने कहा कि बस में सफर काफी आरामदायक रहा और लोगों से चर्चा करने का मौका भी मिला. उन्होंने बताया कि पाली से अजमेर का टिकट 360 रुपए और अजमेर से कोटा का टिकट 242 रुपए था. इस तरह मात्र 602 रुपए में कोटा पहुंच गए. यदि सरकारी गाड़ी से आते तो कई गुना अधिक ईंधन खर्च होता. उन्होंने अधिकारियों को संदेश देते हुए कहा कि मीटिंग के लिए पूलिंग से जाएं, ऑनलाइन मीटिंग को प्राथमिकता दें, इससे ईंधन की बचत होगी और देश को प्रगति में सहायता मिलेगी. रात करीब 12:15 बजे अजमेर बस स्टैंड पहुंचने पर उन्होंने 12:40 की बस पकड़ी. बस में यात्रियों ने उनके साथ सेल्फी लीं और समस्याएं भी बताईं. दिलावर के साथ सुरक्षाकर्मी और सहायक भी बस में ही सफर कर रहे थे.

