ETV Bharat / state

मैट्रिक और इंटर रिजल्ट खराब होने पर शिक्षा विभाग सख्त, देवघर में 24 स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को शो-कॉज

देवघर में मैट्रिक और इंटर परीक्षा परिणाम खराब होने पर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है. कई प्रधानाध्यापकों पर गाज गिर सकती है.

Matric and Inter Results of Deoghar
जिला शिक्षा अधीक्षक मधुकर कुमार. (फोटो-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : May 22, 2026 at 1:48 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

देवघर:झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा जारी मैट्रिक और इंटर परीक्षा परिणाम में देवघर जिले के खराब प्रदर्शन को जिला शिक्षा विभाग ने गंभीरता से लिया है. लगातार गिरते रिजल्ट को देखते हुए जिला शिक्षा विभाग ने जिले के 24 स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को शो-कॉज जारी किया है.

इस संबंध में जिला शिक्षा अधीक्षक मधुकर कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन और विभाग लगातार स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था मजबूत करने और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दे रहा है. इसके बावजूद मैट्रिक और इंटर परीक्षा के जो परिणाम सामने आए हैं, वे काफी चिंताजनक और निराशाजनक हैं.

जानकारी देते जिला शिक्षा अधीक्षक मधुकर कुमार. (वीडियो-ईटीवी भारत)

जिले के 50 प्रतिशत स्कूलों का रिजल्ट संतोषजनक नहीं

उन्होंने कहा कि जिले के लगभग 40 से 50 प्रतिशत स्कूलों का रिजल्ट संतोषजनक नहीं रहा. ऐसे में शिक्षा विभाग अब खराब प्रदर्शन करने वाले स्कूलों के प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों के खिलाफ जवाबदेही तय करने की तैयारी में जुट गया है.

जिला शिक्षा अधीक्षक ने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन की ओर से स्कूलों में स्मार्ट क्लास, मिड डे मील समेत अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. इसके बावजूद यदि बच्चे स्कूल नहीं पहुंच रहे हैं और परिणाम खराब आ रहे हैं, तो यह कहीं न कहीं स्कूल प्रबंधन की लापरवाही को दर्शाता है.

उन्होंने बताया कि फिलहाल 24 स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को बुलाकर उनसे खराब रिजल्ट का कारण पूछा जाएगा. इसके बाद उन स्कूलों के प्रधानाध्यापकों से भी स्पष्टीकरण पूछा जाएगा, जहां छात्रों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा है.

डीएसई मधुकर कुमार ने कहा कि पूरे जिले के खराब परिणाम के पीछे क्या कारण रहे इस पर विभागीय स्तर पर बैठक कर विस्तृत समीक्षा की जाएगी. साथ ही आने वाले समय में शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए कई नए कदम उठाए जाएंगे.

प्रदर्शन में सुधार के लिए शुरू की जाएगी रेमेडियल क्लास

उन्होंने बताया कि छात्रों के खराब प्रदर्शन को सुधारने के लिए जल्द ही रिमेडियल क्लास शुरू की जाएगी. इसके अलावा छुट्टी के दिनों में बड़े छात्रों के माध्यम से छोटे बच्चों की अतिरिक्त कक्षाएं भी संचालित कराई जाएगी, ताकि बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़े और वे नियमित रूप से अध्ययन करते रहें.

गौरतलब हो कि हाल ही में जारी JAC मैट्रिक और इंटर परीक्षा परिणाम में देवघर जिला राज्य स्तर पर 14वें-15वें स्थान पर पहुंच गया है, जबकि पिछले वर्ष जिले की रैंकिंग 9वें-10वें स्थान के आसपास थी. जिले की गिरती शैक्षणिक स्थिति को देखते हुए शिक्षा विभाग अब सख्त रुख अपनाने के मूड में है.

ये भी पढ़ें-

मैट्रिक परीक्षा के खराब परिणाम पर डीसी सख्त, प्राचार्यों और शिक्षकों को लगाई फटकार

झारखंड बोर्ड का रिजल्ट जारी, JAC मैट्रिक 2026 में 95.27% छात्र पास, यहां देखें अपना परिणाम

धनबाद में सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस का 10वीं बोर्ड का रिजल्ट खराब, एक स्कूल में 62 छात्राएं फेल, शिक्षकों को शो-कॉज